पश्चिम बंगाल में बेरोजगार युवाओं को हर महीने मिलेंगे ₹2,000, जनवरी से शुरू होगी 'भरोसा कर्मसूची' योजना
पश्चिम बंगाल सरकार बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए 'भरोसा कर्मसूची' योजना शुरू करने जा रही है। इस योजना के तहत जनवरी से बेरोजगार ग्रेजुएट और सरकारी व्यावसायिक संस्थानों व ITI से डिप्लोमा प्राप्त युवाओं को हर महीने 2,000 रुपये का भत्ता दिया जाएगा। वहीं, बेरोजगार गैर-स्नातक युवाओं को हर महीने 1,500 रुपये मिलेंगे। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को कैबिनेट बैठक के बाद इसकी जानकारी दी।
किसे मिलेगा कितना भत्ता?
सरकार की इस योजना के तहत बेरोजगार युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर आर्थिक सहायता दी जाएगी।
यह भी पढ़ें: https://tnpnews.in/religion/kartik-purnima-2026-5-things-donate-29195#google_vignette
* बेरोजगार ग्रेजुएट और डिप्लोमा धारक: ₹2,000 प्रति माह
* बेरोजगार गैर-स्नातक युवा: ₹1,500 प्रति माह
* पात्र आयु सीमा: 21 से 45 वर्ष
सरकार ने घोषणा की है कि 2028-29 वित्तीय वर्ष से इस भत्ते की राशि बढ़ाई जाएगी। इसके तहत ग्रेजुएट और डिप्लोमा धारकों को 3,000 रुपये और गैर-स्नातक युवाओं को 2,000 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे।
'युवासाथी' योजना की जगह लेगी नई योजना
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि 'भरोसा कर्मसूची' पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार की 'युवासाथी' योजना की जगह शुरू की जा रही है। उन्होंने युवाओं से कुछ समय धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार ने कई नई योजनाएं शुरू की हैं और वित्तीय जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए काम कर रही है।
यह भी पढ़ें: Bisleri का पानी जहरीला, क्या आप भी पीते है? FSSAI की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
54 लाख लाभार्थियों का होगा वेरिफिकेशन
सरकार के अनुसार, पिछली योजना के करीब 54 लाख मौजूदा लाभार्थियों का सत्यापन 31 दिसंबर तक पूरा किया जाएगा। जिन युवाओं ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे 'आपनार सरकार आपनार पासे' कार्यक्रम के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों को युवा कल्याण विभाग भेजा जाएगा।
हर महीने खाते में आएगी भत्ते की राशि
योजना के तहत लाभार्थियों को भत्ते की राशि हर महीने दूसरे सप्ताह में सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। योजना की औपचारिक शुरुआत फरवरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान की जाएगी। इसके अलावा, एक परिवार से अधिकतम दो लोग इस योजना का लाभ उठा सकेंगे। वहीं, अन्नपूर्णा योजना के तहत हर महीने 3,000 रुपये प्राप्त करने वाले लोग इस भत्ते के लिए पात्र नहीं होंगे।
यह भी पढ़ें: भारत का तेल-गैस आयात बिल 60% बढ़ा, LPG की खपत में गिरावट; महंगे कच्चे तेल का असर