Volkswagen Virtus Facelift की पहली झलक आई सामने, नए लुक और 360 डिग्री कैमरे के साथ होगी लॉन्च
जर्मनी की कार निर्माता कंपनी Volkswagen अपनी पॉपुलर सेडान Virtus को नए अंदाज में पेश करने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने इस कार के फेसलिफ्ट मॉडल की पहली आधिकारिक तस्वीरें जारी कर दी हैं। तस्वीरों में इसका GT वेरिएंट नजर आ रहा है, जो नए नीले रंग और स्पोर्टी डिजाइन के साथ काफी आकर्षक दिख रहा है। जून 2022 में लॉन्च हुई Virtus को पहली बार इतना बड़ा डिजाइन अपडेट मिलने जा रहा है। नए मॉडल में कार के आगे और पीछे के डिजाइन से लेकर अलॉय व्हील्स तक कई बदलाव किए गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Volkswagen इस फेसलिफ्ट मॉडल को दिसंबर 2026 में भारतीय बाजार में लॉन्च कर सकती है।
फ्रंट डिजाइन में दिखेंगे कई नए बदलाव
नई Volkswagen Virtus का सबसे बड़ा बदलाव इसके सामने वाले हिस्से में देखने को मिलेगा। कंपनी ने कार के फ्रंट बंपर को नया डिजाइन दिया है। इसमें पहले के मुकाबले ज्यादा चौड़ी लोअर ग्रिल दी गई है, जिसमें डायमंड और ट्रायंगल जैसे पैटर्न नजर आते हैं। बंपर के दोनों किनारों पर ब्लैक कलर की डिटेलिंग की गई है। वहीं, नीचे की तरफ पतली क्रोम लाइन दी गई है, जो इसके लुक को और बेहतर बनाती है। हेडलाइट्स को आपस में जोड़ने वाली ऊपर की पतली ग्रिल को पहले जैसा ही रखा गया है।
नए अलॉय व्हील्स और GT बैजिंग से मिलेगा स्पोर्टी लुक
कार के साइड डिजाइन में ज्यादा बदलाव नहीं किया गया है। इसका पुराना बॉडी शेप और मजबूत शोल्डर लाइन पहले की तरह बरकरार हैं। हालांकि, नए डिजाइन एलिमेंट्स की वजह से इसका लुक पहले से ज्यादा स्पोर्टी हो गया है। फेसलिफ्ट मॉडल के GT वेरिएंट में ग्लॉसी ब्लैक अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। इसके अलावा बाहरी रियर व्यू मिरर को भी ब्लैक फिनिश दी गई है। आगे के फेंडर पर लाल रंग का GT बैज देखने को मिलता है।
इसके नए अलॉय व्हील्स में चौड़े और आकर्षक स्पोक्स दिए गए हैं। वहीं, लाल रंग के ब्रेक कैलिपर्स इसकी स्पोर्टी अपील को और बढ़ाते हैं। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इस नए नीले रंग का आधिकारिक नाम नहीं बताया है। Volkswagen ने Virtus के पिछले हिस्से को भी नया टच दिया है। इसमें ब्लैक कलर का नया बूट-लिप स्पॉइलर लगाया गया है। पीछे के बंपर पर भी आगे की तरह ट्रायंगल डिजाइन वाली डिटेलिंग देखने को मिलती है। कंपनी ने इसमें कनेक्टेड टेललाइट्स देने के बजाय अलग-अलग LED टेललैंप का डिजाइन बरकरार रखा है। नंबर प्लेट के नीचे बड़े अक्षरों में VIRTUS लिखा गया है, जबकि दाईं तरफ GT की बैजिंग दी गई है।
एक और खास बात यह है कि कार के ORVM के नीचे और आगे-पीछे कैमरे दिखाई दे रहे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि नए मॉडल में 360 डिग्री कैमरा सिस्टम दिया जा सकता है। हालांकि, कंपनी ने अभी इस फीचर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
ये भी पढ़ें- Royal Enfield का बड़ा धमाका! Himalayan 750 में मिलेगा 55 BHP का दम, नवंबर में हो सकती है एंट्री
इंजन में नहीं होगा बड़ा बदलाव, मिल सकता है नया गियरबॉक्स
नई Virtus Facelift के इंटीरियर की तस्वीरें फिलहाल सामने नहीं आई हैं। माना जा रहा है कि इसके केबिन में कुछ नए फीचर्स और बड़ा डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर देखने को मिल सकता है। इंजन की बात करें तो कंपनी इसमें मौजूदा 1.0 लीटर और 1.5 लीटर TSI पेट्रोल इंजन जारी रख सकती है। यानी ग्राहकों को पहले की तरह दोनों इंजन के विकल्प मिल सकते हैं।
हालांकि, गियरबॉक्स को लेकर एक बड़ा बदलाव होने की चर्चा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी 1.0 लीटर TSI इंजन के साथ मिलने वाले मौजूदा 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स की जगह नया 8-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दे सकती है। अगर ऐसा होता है तो कार की ड्राइविंग और गियर शिफ्टिंग का अनुभव पहले से बेहतर हो सकता है। फिलहाल इंजन, फीचर्स और गियरबॉक्स से जुड़ी इन जानकारियों पर कंपनी की आधिकारिक मुहर लगना बाकी है।