टीएनपी न्यूज़
होम / मनोरंजन
मनोरंजन

Patrick Stewart Death : दिग्गज अभिनेता पैट्रिक स्टीवर्ट का निधन, हॉलीवुड में शोक की लहर

Pradeep Singh · 30 अक्टूबर 2026
पैट्रिक स्टीवर्ट

नई दिल्ली: हॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सर पैट्रिक स्टीवर्ट (Patrick Stewart) का 86 साल की उम्र में निधन हो गया है। 'स्टार ट्रेक: द नेक्स्ट जनरेशन' में कैप्टन जीन-ल्यूक पिकार्ड और 'एक्स-मेन' (X-Men) फिल्मों में प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर का किरदार निभाकर दुनियाभर में पहचान बनाने वाले अभिनेता ने 28 अक्टूबर को लॉस एंजिल्स स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की जानकारी उनके लंबे समय से प्रवक्ता रहीं केली बुश नोवाक ने दी।

प्रवक्ता के मुताबिक, पैट्रिक स्टीवर्ट अल्जाइमर बीमारी और लेवी बॉडी डिमेंशिया से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर सामने आते ही हॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई। विलियम शैटनर, केविन फीगे, सेठ मैकफर्लेन और डैफने कीन समेत कई कलाकारों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

विलियम शैटनर बोले- वह शानदार अभिनेता और अच्छे दोस्त थे

'स्टार ट्रेक' में उनके साथ काम कर चुके अभिनेता विलियम शैटनर ने सोशल मीडिया पर पैट्रिक स्टीवर्ट को याद किया। उन्होंने लिखा कि स्टीवर्ट एक शानदार अभिनेता, दोस्त और सहयोगी थे। उन्होंने मंच से लेकर एंटरप्राइज के ब्रिज तक हर किरदार में बुद्धिमत्ता, गरिमा और इंसानियत दिखाई।

'स्टार ट्रेक: द नेक्स्ट जनरेशन' में उनके सह-कलाकार विल व्हीटन ने दोनों की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'गॉडस्पीड, कैप्टन।'

केविन फीगे और सेठ मैकफर्लेन ने भी दी श्रद्धांजलि

मार्वल स्टूडियोज के प्रमुख केविन फीगे ने कहा कि उन्हें पहली 'एक्स-मेन' फिल्म के सेट पर पैट्रिक स्टीवर्ट से पहली बार मिलने का पल हमेशा याद रहेगा। उन्होंने अभिनेता को शानदार, विनम्र, उदार और बेहतरीन व्यक्तित्व वाला इंसान बताया।

वहीं, सेठ मैकफर्लेन ने कहा कि पैट्रिक उन चुनिंदा कलाकारों में थे, जिनके हमेशा साथ रहने की उम्मीद की जाती है। उन्होंने उनके साथ 'फैमिली गाय', 'अमेरिकन डैड!' और 'टेड' जैसे प्रोजेक्ट्स में काम करने के अनुभव को याद किया। फिल्म 'लोगान' में उनके साथ काम कर चुकीं डैफने कीन ने भी उन्हें बेहद दयालु, मजाकिया और प्रतिभाशाली इंसान बताया।

 'स्टार ट्रेक' से 'एक्स-मेन' तक शानदार रहा करियर

13 जुलाई 1940 को इंग्लैंड के यॉर्कशायर में जन्मे पैट्रिक स्टीवर्ट ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत थिएटर से की थी। अमेरिकी दर्शकों के बीच उन्हें बड़ी पहचान 1987 में 'स्टार ट्रेक: द नेक्स्ट जनरेशन' से मिली, जिसमें उन्होंने कैप्टन जीन-ल्यूक पिकार्ड की भूमिका निभाई।

इसके बाद उन्होंने 'एक्स-मेन' फ्रेंचाइजी में प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर का किरदार निभाकर नई पीढ़ी के दर्शकों के बीच भी खास जगह बनाई। वह 'लोगान' और 'स्टार ट्रेक: पिकार्ड' जैसे प्रोजेक्ट्स में भी नजर आए। सिनेमा और थिएटर में उनके योगदान के लिए साल 2010 में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने उन्हें नाइटहुड की उपाधि से सम्मानित किया था।

 'Avengers: Doomsday' में आखिरी बार दिखेंगे प्रोफेसर जेवियर

पैट्रिक स्टीवर्ट के फैंस के लिए उनकी एक और खास फिल्म आने वाली है। वह मार्वल की आगामी फिल्म 'एवेंजर्स: डूम्सडे' (Avengers: Doomsday) में प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म भारत में 17 दिसंबर और अमेरिका में 18 दिसंबर को रिलीज होने वाली है। उनके निधन के बाद यह फिल्म उनके प्रशंसकों के लिए बेहद भावुक अनुभव हो सकती है।

यह भी पढ़ें: PUBG Live-Action Series: नेटफ्लिक्स पर बनेगी PUBG की सीरीज, डोनाल्ड ग्लोवर निभाएंगे लीड रोल