टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

ओवैसी को गलती से गार्ड ऑफ ऑनर देने वाले CO हटाए गए, सहारनपुर पुलिस विभाग में कार्रवाई

MADHVI TANWAR · 24 नवम्बर 2026
ओवैसी को गलती से गार्ड ऑफ ऑनर देने वाले CO हटाए गए

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में AIMIM प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी को गलती से गार्ड ऑफ ऑनर देने के मामले में पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। इस मामले में CO पवन कुमार को CO सदर के पद से हटाकर CO यातायात बना दिया गया है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, 21 नवंबर को सहारनपुर के सर्किट हाउस में सुप्रीम कोर्ट के एक न्यायाधीश के स्वागत के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। पुलिसकर्मी न्यायाधीश को गार्ड ऑफ ऑनर देने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी सर्किट हाउस पहुंच गए। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों ने गलतफहमी में ओवैसी को ही सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश समझ लिया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई।

जांच के बाद CO का बदला गया कार्यक्षेत्र

ओवैसी सहारनपुर सर्किट हाउस पहुंचे थे। वहां सुप्रीम कोर्ट के एक जज के आगमन को लेकर गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी थी, लेकिन जज के पहुंचने से पहले ही ओवैसी पहुंच गए और पुलिसकर्मियों ने भ्रम में उन्हें सलामी दे दी। मामले की जांच SP देहात मयंक पाठक को सौंपी गई थी। जांच रिपोर्ट के बाद SSP ने CO पवन कुमार का कार्यक्षेत्र बदल दिया। उन्हें CO सदर से हटाकर CO यातायात की जिम्मेदारी दी गई है।

अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना के समय मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। वहीं, वायरल वीडियो और पोस्ट हटाने के लिए पुलिस की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X को पत्र भी भेजा गया है। फिलहाल इस मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: 24 नवंबर 2026 पंचांग: देव दीपावली पर कृत्तिका नक्षत्र और कार्तिक पूर्णिमा का संयोग, जानें दीपदान का शुभ समय