बच्चे के जन्म से अमेरिकी नागरिकता का खेल अब नहीं चलेगा! Birth Tourism नेटवर्क पर अमेरिका का शिकंजा
US Birth Tourism: अमेरिका ने Commercial Birth Tourism में शामिल लोगों और इसे संचालित करने वाले नेटवर्क के खिलाफ लक्षित वीजा प्रतिबंधों का ऐलान किया है। इसके साथ ही अमेरिकी विदेश विभाग ने वीजा धोखाधड़ी की शिकायतों की जानकारी देने के लिए एक नया ऑनलाइन रिपोर्टिंग सिस्टम भी शुरू किया है।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बताया कि नए कदम के तहत उन लोगों पर कार्रवाई की जा सकती है जो व्यावसायिक रूप से संचालित Birth Tourism नेटवर्क में शामिल हैं या विदेशियों की अमेरिका यात्रा को इस उद्देश्य से व्यवस्थित करते हैं कि बच्चे के जन्म के जरिए अमेरिकी नागरिकता हासिल की जा सके।
Birth Tourism नेटवर्क पर कार्रवाई
अमेरिकी विदेश विभाग के मुताबिक, कार्रवाई का दायरा केवल यात्रा करने वालों तक सीमित नहीं है। इसमें Birth Tourism नेटवर्क के मालिक, अधिकारी और मैनेजर के साथ-साथ ऐसे बिचौलिए भी शामिल हो सकते हैं, जो वीजा अधिकारियों को गुमराह करने के लिए आवेदकों को तैयार करते हैं। विदेशों में ऐसे मेडिकल कर्मी भी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं, जो इस तरह की यात्राओं में जानबूझकर सहायता करते हैं। विभाग ने Medicaid के कथित धोखाधड़ीपूर्ण इस्तेमाल और अन्य बाहरी मददगारों को भी संभावित कार्रवाई के दायरे में रखा है।
मार्को रुबियो ने कहा कि विदेशी Commercial Birth Tourism नेटवर्क ने अमेरिकी इमिग्रेशन सिस्टम का इस्तेमाल मुनाफे के लिए अमेरिकी नागरिकता बेचने में किया है।
परिवार के सदस्य भी आ सकते हैं दायरे में
विदेश विभाग ने कहा है कि इन वीजा प्रतिबंधों का दायरा ऐसे लोगों तक हो सकता है जो वर्तमान में या पहले Birth Tourism को सुविधाजनक बनाने में शामिल रहे हैं। विभाग ने यह भी कहा कि कुछ परिवार के सदस्य भी इन प्रतिबंधों के दायरे में आ सकते हैं, हालांकि बयान में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि किन रिश्तेदारों पर और किन परिस्थितियों में प्रतिबंध लागू होंगे।
Sham Marriage से फर्जी नौकरी तक, ऑनलाइन रिपोर्टिंग सिस्टम शुरू
अमेरिकी विदेश विभाग ने वीजा धोखाधड़ी से जुड़ी जानकारी देने के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म भी शुरू किया है। इसके जरिए लोग कथित वीजा धोखाधड़ी की जानकारी अधिकारियों तक पहुंचा सकते हैं। रिपोर्टिंग सिस्टम में कई तरह की गतिविधियों को शामिल किया गया है, जैसे फर्जी यात्रा कार्यक्रम, Sham Marriage यानी कागजी/फर्जी विवाह, Shell Companies के जरिए बनाई गई फर्जी कंपनियां, फर्जी नौकरी और रोजगार प्रस्ताव, Commercial Birth Tourism से जुड़ी गतिविधियां को शामिल किया गया है ।
विदेश विभाग के अनुसार, सार्वजनिक स्तर से मिलने वाली जानकारी को समीक्षा और आवश्यक कार्रवाई के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
वीजा रद्द होने से लेकर जांच तक कार्रवाई संभव
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, वीजा धोखाधड़ी के मामलों में वीजा रद्द करने के साथ-साथ आपराधिक जांच के लिए मामला भेजे जाने जैसी कार्रवाई भी हो सकती है। विभाग ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के दौरान वीजा धोखाधड़ी के लिए जवाबदेह ठहराए गए कई लोगों के मामलों में सार्वजनिक स्तर से मिली जानकारी की भूमिका रही है। हालांकि, विभाग ने ऐसे मामलों की विस्तृत संख्या जारी नहीं की।
क्या है Birth Tourism?
Birth Tourism उस स्थिति को कहा जाता है जब कोई व्यक्ति दूसरे देश की यात्रा मुख्य रूप से बच्चे को वहां जन्म देने के उद्देश्य से करता है, ताकि बच्चे को वहां के नागरिकता कानूनों के तहत नागरिकता मिलने का लाभ मिल सके। अमेरिका में इस मुद्दे की चर्चा 14वें संविधान संशोधन से भी जुड़ी है। 1868 में अपनाए गए इस संशोधन में अमेरिका के अधिकार क्षेत्र में जन्म लेने या नागरिकता प्राप्त करने वाले लोगों से संबंधित नागरिकता प्रावधान शामिल हैं। अमेरिकी प्रशासन का नया कदम ऐसे व्यावसायिक नेटवर्क और कथित वीजा धोखाधड़ी को रोकने पर केंद्रित बताया गया है।