UPSC Result 2026: बड़ी खुशखबरी! सितंबर भर्ती में 17 पदों पर हुआ चयन, जानें कैसे करें रिजल्ट चेक
UPSC Result 2026: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सितंबर 2026 में अंतिम रूप से पूरी की गई 17 भर्ती प्रक्रियाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। आयोग ने विभिन्न सरकारी विभागों में वैज्ञानिक, तकनीकी, शिक्षा, इंजीनियरिंग और कंसल्टेंट से जुड़े पदों के लिए चयनित उम्मीदवारों की सूची जारी की है। उम्मीदवार अपने नाम और रोल नंबर की जानकारी यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध पीडीएफ के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।
किन पदों के लिए जारी हुआ रिजल्ट?
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों और केंद्र शासित प्रदेशों में कई पदों पर भर्ती के लिए चयनित उम्मीदवारों की सिफारिश की है। इन भर्तियों में वैज्ञानिक, सहायक निदेशक और सहायक प्रोफेसर सहित तकनीकी एवं शिक्षण क्षेत्र के पद शामिल हैं। आयोग के अनुसार, चयनित अभ्यर्थियों को डाक के माध्यम से व्यक्तिगत सूचना भी भेजी गई है। गृह मंत्रालय, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME), रक्षा मंत्रालय, अंडमान एवं निकोबार प्रशासन तथा केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के विभिन्न विभागों में नियुक्ति के लिए उम्मीदवारों की सिफारिश की गई है।
योग्य उम्मीदवार नहीं मिल सके
आयोग की अधिसूचना के अनुसार, कुछ आरक्षित पदों के लिए उपयुक्त उम्मीदवार नहीं मिल सके। इनमें PwBD श्रेणी के तहत साइंटिस्ट बी, असिस्टेंट डायरेक्टर ग्रेड-1 और ग्रेड-2 के एक-एक पद शामिल हैं। इसके अलावा, असिस्टेंट डायरेक्टर ग्रेड-1 में ST श्रेणी का एक पद और EWS श्रेणी का एक पद भी खाली रह गया।
कॉलेज ऑफ मिलिट्री इंजीनियरिंग, पुणे में इलेक्ट्रिकल और सिविल इंजीनियरिंग के एसोसिएट प्रोफेसर तथा लद्दाख के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में कंसल्टेंट बायोकेमिस्ट्री और कंसल्टेंट फॉरेंसिक स्पेशलिस्ट के पदों के लिए भी योग्य उम्मीदवार नहीं मिले।
ऐसे चेक करें रिजल्ट
उम्मीदवार यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर संबंधित भर्ती परिणाम की पीडीएफ देख सकते हैं। पीडीएफ डाउनलोड करने के बाद अपने नाम और रोल नंबर से चयन की स्थिति जांचें। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अन्य उम्मीदवारों के आवेदनों पर विचार किया गया, लेकिन उन्हें इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट नहीं किया जा सका।
ये भी पढ़ें: रेलवे नौकरी का बड़ा मौका! 1200 स्टेशन मास्टर पदों पर होगी भर्ती