टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

LPU में रेप की सूचना से बवाल...छात्रों ने बंद किया चंडीगढ़-अमृतसर हाईवे

Toshi Shah · 27 सितम्बर 2026
LPU Students Protest

पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में एक छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म की खबर सोशल मीडिया पर फैलने के बाद छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। रात में हुए हंगामे और परिसर में तोड़फोड़ के बाद रविवार सुबह भी छात्रों ने चंडीगढ़-अमृतसर नेशनल हाईवे पर प्रदर्शन करते हुए यातायात रोक दिया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ खबर

मामला उस समय शुरू हुआ, जब सोशल मीडिया पर एक संदेश तेजी से वायरल हुआ। इसमें दावा किया गया कि किसी बाहरी व्यक्ति ने यूनिवर्सिटी की एक छात्रा के साथ कथित तौर पर रेप किया है। इस संदेश के सामने आने के बाद बड़ी संख्या में छात्र गर्ल्स हॉस्टल के आसपास इकट्ठा होने लगे।

रात में बिगड़े हालात

रात करीब 2 बजे छात्रों की भीड़ यूनिवर्सिटी परिसर में जमा हो गई। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन तेज हो गया और कुछ स्थानों पर तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। प्रदर्शनकारियों ने यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट को भी नुकसान पहुंचाया। परिसर में आगजनी किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

इसके बाद छात्रों का समूह यूनिवर्सिटी से बाहर निकलकर चंडीगढ़-अमृतसर नेशनल हाईवे पर पहुंच गया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर धरना देकर हाईवे को बाधित कर दिया, जिसके चलते रात में यातायात प्रभावित हुआ।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

हंगामे की सूचना मिलने के बाद कपूरथला के एसपी गौरव तूर समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने छात्रों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, अभी तक छात्रा के साथ रेप की घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल संदेश की उत्पत्ति और उसमें किए गए दावे की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि वायरल संदेश में किया गया दावा वास्तविक घटना पर आधारित है या गलत सूचना के कारण छात्रों के बीच आक्रोश फैला हुआ है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

ये भी पढ़ें- SIR विवाद पर चंद्रबाबू नायडू का बयान, कहा- ECI के स्पष्टीकरण के बाद...