UP: वाराणसी के सारनाथ में जोरदार धमाका, मकान ढहा; 3 लोग घायल
वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित सारनाथ इलाके में गुरुवार 15, अक्टूबर को एक दो मंजिला रिहायशी इमारत में जोरदार धमाके के बाद एक मकान ढहने की खबर सामने आई है। इस घटना में तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। धमाका इतना तेज था कि मकान को भारी नुकसान पहुंचा और इमारत गिर गई।
घटना की वजह, इमारत में पटाखों का अवैध निर्माण
इस घटना के बाद घायलों को लेकर स्थानीय स्तर पर राहत और उपचार की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस और संबंधित प्रशासन घटना के कारणों की जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि यह धमाका घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में चल रही पटाखों की एक अवैध निर्माण इकाई में हुआ है।
पुलिस प्रशासन और NDRF टीम द्वारा राहत बचाव कार्य शुरू
सारनाथ स्थित 'पुराना पुल' के पास हुई इस घटना की सूचना मिलते ही, वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी, NDRF (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल), SDRF (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) और दमकल विभाग की टीमों के साथ मौके पर पहुंच गए और बचाव अभियान शुरू कर दिया। घटना के बारे में जानकारी देते हुए एक प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि बचाव दलों ने तीन घायलों को बाहर निकाला, जिनमें दो बच्चे और एक महिला शामिल हैं। उन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
ये भी पढ़ें-सुप्रीम कोर्ट में माफी पर MHA की सफाई, कहा- सरकार या पुलिस के खिलाफ अवमानना का कोई मामला नहीं बनता