यूपी चुनाव 2027: BJP को सत्ता से हटाने के लिए SP-कांग्रेस एकजुट, अखिलेश यादव को CM बनाने पर सहमति; 26 सीटों का ऑफर
UP Assembly Elections 2027: यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। बता दें कि सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर भले ही अभी खींचतान जारी हो, लेकिन दोनों दलों ने चुनावी लड़ाई का अपना साझा लक्ष्य तय कर लिया है। इस मुद्दे को लेकर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने गुरुवार को कहा कि दोनों पार्टियां प्रदेश से बीजेपी की सरकार को हटाकर अखिलेश यादव के नेतृत्व में नई सरकार बनाने के उद्देश्य से आगे बढ़ रही हैं।
अवधेश प्रसाद ने सीटों के बंटवारे को लेकर कहा कि गठबंधन में फैसला किसी निश्चित संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि उम्मीदवारों की जीतने की क्षमता को ध्यान में रखकर किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों दलों के बीच साझा राजनीतिक उद्देश्य पर सहमति बन चुकी है। अब सीटों का फैसला इस बात पर निर्भर करेगा कि किस सीट पर किस पार्टी का उम्मीदवार जीतने की बेहतर संभावना रखता है।
उन्होंने कहा, "हमारा उद्देश्य उत्तर प्रदेश से बीजेपी को सत्ता से बाहर करना और अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाना है। इस पर दोनों पार्टियों के बीच सहमति बन चुकी है। सीटों का बंटवारा जीतने की संभावना के आधार पर होगा।"
संविधान दिवस के बाद फिर शुरू होगी गठबंधन पर बातचीत
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी गठबंधन को लेकर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल संविधान दिवस के कार्यक्रमों का माहौल है। इसके बाद सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत फिर शुरू होगी।
लखनऊ में ANI से बातचीत के दौरान गौतम ने कहा कि अगर दोनों पार्टियां साझा सोच, ईमानदारी और आपसी सद्भाव के साथ एकजुट होकर काम करती हैं तो उत्तर प्रदेश में INDIA गठबंधन की सरकार बन सकती है।
प्रियंका गांधी सुलझा सकती हैं सीटों का विवाद
कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने भी सपा-कांग्रेस गठबंधन में किसी बड़े मतभेद से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि दोनों दल आपसी सम्मान के साथ सीटों के बंटवारे पर सहमति बना लेंगे। अल्वी ने संकेत दिया कि इस पूरे मामले को सुलझाने की जिम्मेदारी प्रियंका गांधी को भी दी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों के नेता मिलकर इस मुद्दे का समाधान निकालेंगे। अल्वी ने सपा और कांग्रेस के अलग-अलग घोषणापत्र जारी करने पर भी सवाल उठाने वालों को जवाब देते हुए कहा कि दोनों दल अपने-अपने घोषणापत्र जारी कर सकते हैं, इसमें कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।
कांग्रेस 120 सीटों पर अड़ी, सपा ने दिया 26 सीटों का प्रस्ताव
सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच असली पेच अभी कायम है। सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती बातचीत में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटें देने का प्रस्ताव दिया है। वहीं, कांग्रेस करीब 120 सीटों की मांग कर रही है और इससे कम सीटों पर तैयार नहीं बताई जा रही है।
ऐसे में दोनों दलों के सामने सबसे बड़ी चुनौती सीटों की संख्या पर सहमति बनाने की है। एक तरफ गठबंधन के नेता बीजेपी को सत्ता से हटाने और अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाने की बात कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ सीटों को लेकर दोनों पार्टियों की अपनी-अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं हैं।
अब देखना होगा कि साझा चुनावी लक्ष्य के लिए सपा और कांग्रेस कितनी सीटों पर समझौता कर पाती हैं। उत्तर प्रदेश की 2027 की सियासी जंग से पहले यह गठबंधन INDIA ब्लॉक की चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
और पढ़ें: बिहार सरकार की रिहाई नीति पर सुप्रीम कोर्ट की फटकार, आनंद मोहन को सरेंडर का आदेश