टीएनपी न्यूज़
होम / उत्तर प्रदेश चुनाव
उत्तर प्रदेश चुनाव

यूपी में 2027 चुनाव का बिगुल फूंकने की तैयारी में कांग्रेस, हर गांव तक पहुंचेगी पार्टी; 134 जिलाध्यक्षों के साथ बनेगी रणनीति

Shailesh Yadav · 13 नवम्बर 2026
यूपी में 2027 चुनाव का बिगुल फूंकने की तैयारी में कांग्रेस

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए 'संगठन संवाद संकल्प मिशन 2027' के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया। इसमें प्रदेश के 134 जिला और शहर अध्यक्षों के साथ विभिन्न फ्रंटल संगठनों, प्रकोष्ठों और विभागों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कांग्रेस का लक्ष्य अपनी विचारधारा, INDIA गठबंधन के एजेंडे और जनता से जुड़े मुद्दों को प्रदेश के हर गांव तक पहुंचाना है।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने बैठक को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की जड़ें काफी गहरी हैं। यहां आना हमेशा अच्छा लगता है। उन्होंने कहा कि इस बैठक में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से बातचीत करना और उनके विचार जानना सीखने का अच्छा अवसर होगा।

चार मोर्चों पर तैयार होगी 2027 की चुनावी रणनीति
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में चार प्रमुख विषयों पर फोकस किया जा रहा है। इनमें विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े कानूनी मामले, सोशल मीडिया, मीडिया और पार्टी का वॉर रूम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन तैयारियों का मकसद 2027 के विधानसभा चुनाव में INDIA गठबंधन को और मजबूत बनाना है।

प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बताया कि 134 जिला और शहर अध्यक्षों के अलावा फ्रंटल संगठनों और विभागों के प्रतिनिधि भी इसमें शामिल हुए हैं। अलग-अलग कार्यशालाओं के माध्यम से प्रवक्ताओं और कानूनी टीमों को प्रशिक्षित किया जाएगा। पार्टी की योजना एक व्यापक रोडमैप तैयार कर संगठन और गठबंधन के मुद्दों को हर गांव तक पहुंचाने की है।

INDIA गठबंधन में एकजुटता का दावा
चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी समेत अन्य नेताओं की ओर से बनाए गए सामाजिक परिवर्तन मोर्चे पर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों को चुनाव लड़ने और गठबंधन बनाने का अधिकार है। कांग्रेस को इससे कोई आपत्ति नहीं है।

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को नए मोर्चे में शामिल होने के निमंत्रण पर उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन पहले से मौजूद है और उसके सभी सहयोगी दल चुनाव में एकजुट रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि गठबंधन जनता के हित में चुनाव लड़ेगा।

समाजवादी पार्टी को 130 विधानसभा सीटों की सूची सौंपने की खबरों को गौतम ने खारिज करते हुए इसे झूठ बताया। वहीं कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि पार्टी चुनाव लड़ने के सबसे बेहतर तरीके पर काम कर रही है और उसी के अनुसार फैसला लिया जाएगा।

आजम खान के समर्थन में बोले इमरान मसूद
समाजवादी पार्टी नेता आजम खान की ईडी रिमांड पर इमरान मसूद ने कहा कि आजम साहब के साथ अन्याय हो रहा है। वहीं मस्जिदों के ध्वस्तीकरण को लेकर उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने सहारनपुर में मस्जिद गिराए जाने का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि दस्तावेज होने के बावजूद कार्रवाई की गई।

SIR के दौरान हिंदू मतदाताओं के नाम कम होने संबंधी भाजपा के बयान पर भी मसूद ने सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या SIR की प्रक्रिया हिंदू मतदाताओं के नाम हटाने के लिए कराई गई थी?

2027 चुनाव का औपचारिक बिगुल बजा
बाराबंकी से कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि इस एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के जरिए 2027 विधानसभा चुनाव का औपचारिक बिगुल बजाया जा रहा है। इसमें जिला और शहर अध्यक्षों के साथ फ्रंटल संगठनों के प्रदेश अध्यक्षों को भी बुलाया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान चुनावी मुद्दों, जनता तक पार्टी का संदेश पहुंचाने और जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय करने के तरीकों पर चर्चा होगी। कांग्रेस अब संगठनात्मक मजबूती के जरिए उत्तर प्रदेश के गांव-गांव तक अपनी राजनीतिक पकड़ बनाने की तैयारी में जुट गई है। 

और पढ़ें;  TB के खिलाफ भारत की बड़ी कामयाबी, WHO की रिपोर्ट; 38 प्रतिशत मौतों की कमी: जेपी नड्डा