UP Election 2027: नोएडा विधानसभा में विकास के दावों और शहरी चुनौतियों के बीच क्या होगा जनता का मूड?
उत्तर प्रदेश की सबसे हाई-प्रोफाइल विधानसभा सीटों में से एक है नोएडा। देश की आर्थिक और औद्योगिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र बन चुके इस शहर में विकास की रफ्तार जितनी तेज है, उतनी ही तेजी से ट्रैफिक, प्रदूषण, नागरिक सुविधाओं और शहरी व्यवस्था से जुड़े सवाल भी सामने आते रहे हैं। पिछले तीन विधानसभा चुनावों से बीजेपी यहां लगातार जीत दर्ज कर रही है। विधायक पंकज सिंह के सामने इस बार भी अपनी राजनीतिक पकड़ और विकास के दावों को जनता की कसौटी पर साबित करने की चुनौती होगी। आखिर क्या है नोएडा का चुनावी इतिहास, सामाजिक समीकरण और स्थानीय मुद्दे... चलिए समझते हैं।
बदलती ज़मीन... बदलता जनादेश
उत्तर प्रदेश की कुछ विधानसभा सीटों की पहचान सिर्फ उनके चुनावी नतीजों से नहीं, बल्कि उनके आर्थिक और राष्ट्रीय महत्व से भी होती है। नोएडा ऐसी ही एक विधानसभा है। आईटी, उद्योग, रियल एस्टेट और कॉरपोरेट गतिविधियों ने इस शहर को देश के प्रमुख आर्थिक केंद्रों में शामिल किया है। लेकिन तेजी से बढ़ते शहर के सामने बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने की चुनौती भी लगातार बनी हुई है।
नोएडा का चुनावी आईना
नोएडा की सियासत में शुरुआत से ही बीजेपी का प्रभाव देखने को मिला है। हालांकि हर चुनाव में पार्टी के सामने अलग-अलग राजनीतिक चुनौतियां रहीं। वक्त के साथ मुकाबले का स्वरूप बदला, नए चेहरे मैदान में आए और बीजेपी ने अपनी स्थिति लगातार मजबूत की। पिछले चुनावों में जीत का बढ़ता अंतर भी इसी राजनीतिक मजबूती की कहानी बयां करता है।
2007 में नोएडा अलग विधानसभा सीट नहीं थी। परिसीमन से पहले के दादरी विधानसभा क्षेत्र में बीएसपी के सतवीर सिंह गुर्जर ने बीजेपी के नवाब सिंह नागर को 24 हजार 423 वोटों से हराया था। 2012 में नोएडा सीट पर हुए पहले विधानसभा चुनाव में बीजेपी के डॉक्टर महेश शर्मा ने बीएसपी के ओमदत्त शर्मा को 27 हजार 676 वोटों से पराजित किया। 2014 के उपचुनाव में बीजेपी की विमला बाथम ने समाजवादी पार्टी की काजल शर्मा को 58 हजार 952 वोटों से हराया। 2017 में बीजेपी के पंकज सिंह ने समाजवादी पार्टी के सुनील चौधरी को 1 लाख 4 हजार 16 वोटों से शिकस्त दी। वहीं 2022 में पंकज सिंह ने एक बार फिर सुनील चौधरी को 1 लाख 81 हजार 513 वोटों के बड़े अंतर से हराकर लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की।
नोएडा का चुनावी इतिहास
वर्ष 2007 के चुनावी परिणाम
(परिसीमन से पहले की दादरी सीट)
विजेता- सतवीर सिंह गुर्जर (बीएसपी)
उपविजेता- नवाब सिंह नागर (बीजेपी)
जीत का अंतर- 24,423 वोट
वर्ष 2012 के चुनावी परिणाम
विजेता- डॉक्टर महेश शर्मा (बीजेपी)
उपविजेता- ओमदत्त शर्मा (बीएसपी)
जीत का अंतर- 27,676 वोट
यह भी पढ़ें: योगी के 1.27 लाख और आयोग के 2.50 करोड़ वोटरों के आंकड़े पर अखिलेश का सवाल, पूछा- सही कौन?
वर्ष 2014 के उपचुनाव के परिणाम
विजेता- विमला बाथम (बीजेपी)
उपविजेता: काजल शर्मा (समाजवादी पार्टी)
जीत का अंतर- 58,952 वोट
वर्ष 2017 के चुनावी परिणाम
विजेता- पंकज सिंह, बीजेपी
उपविजेता- सुनील चौधरी, समाजवादी पार्टी
जीत का अंतर- 1,04,016 वोट
वर्ष 2022 के चुनावी परिणाम
विजेता- पंकज सिंह, बीजेपी
उपविजेता- सुनील चौधरी, समाजवादी पार्टी
जीत का अंतर- 1,81,513 वोट
नोएडा की चुनावी राजनीति में बीजेपी ने लगातार अपनी स्थिति मजबूत की है। हर चुनाव में पार्टी की जीत का अंतर बढ़ा है। लेकिन किसी भी शहर में राजनीतिक समर्थन सिर्फ चुनावी नतीजों से तय नहीं होता। यहां रहने वाले लोगों की रोजमर्रा की जरूरतें, शहर की व्यवस्था और जीवन की गुणवत्ता भी जनप्रतिनिधि के कामकाज का आकलन तय करती हैं।
नोएडा की पहचान
नोएडा की सबसे बड़ी खासियत इसका शहरी और कारोबारी स्वरूप है। यहां बड़ी संख्या में नौकरीपेशा लोग, कारोबारी, निजी कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारी और दूसरे राज्यों से आकर बसे परिवार रहते हैं। शहर का विस्तार लगातार बढ़ा है और इसके साथ ही आवास, परिवहन, पानी, सीवर और दूसरी नागरिक सुविधाओं की मांग भी बढ़ी है।
नोएडा विधानसभा क्षेत्र की करीब 94.88 प्रतिशत आबादी शहरी और लगभग 5.12 प्रतिशत आबादी ग्रामीण है। यहां आईटी, सेवा क्षेत्र, रियल एस्टेट और कॉरपोरेट गतिविधियां अर्थव्यवस्था के प्रमुख आधार हैं। 2022 की मतदाता सूची में इस विधानसभा क्षेत्र में करीब 7 लाख 14 हजार मतदाता पंजीकृत थे। तेजी से बढ़ती आबादी और शहरी विस्तार के कारण बुनियादी सुविधाओं तथा सार्वजनिक परिवहन पर दबाव लगातार बढ़ा है।
यह भी पढ़ें: UP IPS Transfer: यूपी में 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, नोएडा-गाजियाबाद समेत 4 पुलिस कमिश्नरेट के बदले कप्तान
विधानसभा की पहचान
करीब 7.14 लाख मतदाता, 2022
94.88 प्रतिशत शहरी आबादी
आईटी और सेवा क्षेत्र प्रमुख
रियल एस्टेट और कॉरपोरेट हब
बड़ी प्रवासी और नौकरीपेशा आबादी
तेजी से बढ़ता शहरी विस्तार
नोएडा की सामाजिक बनावट भी दूसरी विधानसभा सीटों से अलग है। यहां किसी एक जातीय समूह के बजाय अलग-अलग सामाजिक और पेशेवर वर्गों की मौजूदगी चुनावी समीकरणों को आकार देती है। पारंपरिक स्थानीय आबादी के साथ दूसरे राज्यों से आकर बसे मतदाता भी यहां की राजनीति में अहम भूमिका निभाते हैं। यही वजह है कि नोएडा में विकास और शहरी सुविधाओं के सवाल अक्सर जातीय समीकरणों से ज्यादा चर्चा में रहते हैं।
सामाजिक समीकरण
ब्राह्मण मतदाताओं की अहम भूमिका
ठाकुर और वैश्य समुदाय की महत्वपूर्ण मौजूदगी
गुर्जर और जाट मतदाता प्रभावी
अनुसूचित जाति के मतदाताओं की भूमिका
बड़ी प्रवासी आबादी
युवा और नौकरीपेशा वर्ग महत्वपूर्ण
स्थानीय मुद्दे
ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्या
प्रदूषण और हवा की गुणवत्ता
जलभराव और ड्रेनेज व्यवस्था
मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का विस्तार
पानी, सीवर और सड़क जैसी नागरिक सुविधाएं
स्वास्थ्य सेवाएं और रोजगार
नोएडा की असली चुनावी तस्वीर सिर्फ बड़े प्रोजेक्ट और विकास के आंकड़ों से नहीं बनती, शहर में रहने वाले लोगों के लिए रोजमर्रा की सुविधाएं, सुरक्षित और साफ माहौल, बेहतर परिवहन और रोजगार के अवसर भी उतने ही जरूरी हैं। अब सवाल यही है कि पिछले पांच वर्षों का काम इन उम्मीदों पर कितना खरा उतरा। क्योंकि लोकतंत्र में चुनावी जीत के साथ जनता के प्रति जवाबदेही भी सबसे बड़ी कसौटी होती है।
यह भी पढ़ें: UP Election 2027: बीएसपी के गढ़ से बीजेपी की हैट्रिक की ओर; जानिए जेवर विधान सभा का पूरा समीकरण