उज्जैन में रेलवे की जमीन से हटाईं आधा दर्जन मजारें, 6 JCB से चला बुलडोजर; 15 हजार वर्गफीट जमीन मुक्त
Ujjain Bulldozer Action: सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन में रेलवे ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार सुबह माधव नगर रेलवे स्टेशन के बाहर रेलवे की जमीन पर बने मजारों, मस्जिद कलंदरी, शाही मकबरे, गुमटियों और अन्य अवैध निर्माणों को बुलडोजर से हटाया गया। 6 जेसीबी मशीनों की मदद से हुई इस कार्रवाई में करीब 15 हजार वर्गफीट जमीन अतिक्रमण मुक्त कराई गई। वहीं, वक्फ कमेटी ने कार्रवाई का विरोध करते हुए कोर्ट जाने की चेतावनी दी है।
सुबह 5 बजे शुरू हुई बुलडोजर कार्रवाई
रेलवे ने शनिवार सुबह करीब 5 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 8 के पास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। मौके पर 6 जेसीबी मशीनें तैनात की गई थीं, जिनकी मदद से रेलवे की जमीन पर बने एक दर्जन से अधिक मजारों, मस्जिद कलंदरी, शाही मकबरे और अन्य निर्माणों को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मौके पर 80 से अधिक आरपीएफ जवानों के साथ जीआरपी और विभिन्न थानों का पुलिस बल तैनात रहा। रेलवे अधिकारियों के अलावा एसडीएम पवन बारिया और सीएसपी दीपिका शिंदे भी कार्रवाई के दौरान मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी में नशामुक्ति अभियान को मिलेगी रफ्तार, 170 जगहों पर नुक्कड़ नाटक से होगा जागरूकता कार्यक्रम
हाईकोर्ट से फैसला आने के बाद कार्रवाई
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित जमीन रेलवे की है और अतिक्रमण हटाने को लेकर पहले कई बार नोटिस जारी किए गए थे। मामले में हाईकोर्ट से स्टे खारिज होने और रेलवे के पक्ष में फैसला आने के बाद यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों का कहना है कि कोर्ट के निर्देशों के अनुसार शांतिपूर्ण तरीके से अतिक्रमण हटाया गया।
वक्फ कमेटी ने जताया विरोध, कोर्ट जाने की चेतावनी
रेलवे की कार्रवाई पर वक्फ कमेटी के अध्यक्ष काजी मौलाना आरिफ नदवी ने आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे ने मस्जिद कलंदरी, शाही मकबरा, एक दर्जन से अधिक मजारों और मुतवल्ली के मकान को गलत तरीके से ध्वस्त किया है।
यह भी पढ़ें: दतिया NHM ब्लड बैंक में कर्मचारी की अनुपस्थिति पर सवाल, हाजिरी और वेतन भुगतान की जांच की मांग
नदवी के मुताबिक, जमीन से जुड़ा मामला अभी भोपाल वक्फ ट्रिब्यूनल कोर्ट में लंबित है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति को फर्जी किरायेदार बताकर सुबह-सुबह कार्रवाई की गई। वक्फ कमेटी ने रेलवे की कार्रवाई के खिलाफ कोर्ट ऑफ कंटेम्प्ट यानी अवमानना याचिका दायर करने की चेतावनी दी है।
सिंहस्थ के लिए विकसित होगा होल्डिंग और वेटिंग एरिया
रेलवे के अनुसार, सिंहस्थ 2028 को देखते हुए माधव नगर रेलवे स्टेशन परिसर का विस्तार और निर्माण कार्य कराया जा रहा है। अतिक्रमण के कारण इन विकास कार्यों में बाधा आ रही थी। अब मुक्त कराई गई करीब 15 हजार वर्गफीट जमीन पर सिंहस्थ के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए होल्डिंग और वेटिंग एरिया विकसित किया जाएगा। इससे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें: सिधौली में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का निरीक्षण, बूथों पर पहुंचे अधिकारी