टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

विदेशी महिला पर्यटक से शर्मनाक हरकत, आरोपी गिरफ्तार; पुलिस ने वीडियो जारी कर दी सख्त चेतावनी

Anurag Kumar Tripathi · 17 नवम्बर 2026
विदेशी महिला पर्यटक से शर्मनाक हरकत

Udaipur News: राजस्थान के उदयपुर में एक विदेशी महिला पर्यटक के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना के बाद उदयपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान आफताब के रूप में हुई है। मामले में सूरजपोल थाने में केस दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

उदयपुर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर गिरफ्तारी की जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक, मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

विदेशी महिला के साथ छेड़छाड़ के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर थाना सूरजपोल पर प्रकरण दर्ज किया गया है। प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई जारी है। पर्यटकों की सुरक्षा, सम्मान एवं गरिमा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। https://t.co/qzgueUoNJo

— Udaipur Police (@UdaipurPolice) November 16, 2026

आरोपी ने वीडियो जारी कर मांगी माफी

पुलिस ने आरोपी का एक वीडियो बयान भी साझा किया है। इसमें आरोपी अपनी गलती स्वीकार करते हुए शर्मिंदगी जाहिर करता नजर आ रहा है। उसने घटना के लिए माफी मांगते हुए कहा कि बाहर से आने वाले मेहमानों और महिलाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।

आरोपी ने वीडियो में कहा कि सूरजपोल पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। उसे अपनी हरकत पर बहुत शर्मिंदगी है और वह भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करेगा। उसने अन्य लोगों से भी इस तरह का व्यवहार नहीं करने की अपील की।

पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त

उदयपुर अपनी ऐतिहासिक धरोहरों, खूबसूरत झीलों और पर्यटन स्थलों के लिए देश-दुनिया में मशहूर है। यहां हर साल बड़ी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटक घूमने आते हैं।

इस घटना के बाद पुलिस ने पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। पुलिस का कहना है कि शहर में आने वाले पर्यटकों के सम्मान और सुरक्षा से समझौता करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल मामले की जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। 

और पढ़ें: Azam Khan: आजम खान को 10 दिन की न्यायिक हिरासत, डासना जेल भेजे गए सपा के वरिष्ठ नेता