टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

युवक को थप्पड़ मारने के आरोप पर प्रवेश वर्मा घिरे, केजरीवाल ने PM मोदी से की कार्रवाई की मांग

Shailesh Yadav · 28 सितम्बर 2026
Arvind Kejriwal


नई दिल्ली: दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान एक युवक को कथित तौर पर थप्पड़ मारने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि वह इस मामले को लेकर शाम 4:30 बजे तिलक नगर जाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा और सड़क निर्माण से जुड़े अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

दरअसल, सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो को लेकर आरोप लगाया जा रहा है कि सड़क निरीक्षण के दौरान प्रवेश वर्मा ने साहिब सिंह नाम के युवक को थप्पड़ मारा। साहिब सिंह AAP विधायक जरनैल सिंह की टीम से जुड़े बताए जा रहे हैं। आरोप है कि साहिब सिंह सड़क की खराब स्थिति को लेकर सवाल कर रहे थे और पूरी कार्रवाई का लाइव प्रसारण कर रहे थे।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार की ओर से बनाई गई सड़क पहले से ही टूटने लगी थी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के हालिया 'भजन क्लबिंग' कार्यक्रम और Gen Z तक पहुंच बनाने की कोशिशों पर भी तंज कसा। केजरीवाल ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री युवाओं को जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके मंत्री पर एक युवक को थप्पड़ मारने का आरोप है।

केजरीवाल ने प्रधानमंत्री से मंत्री और सड़क निर्माण से जुड़े इंजीनियरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर सड़क निर्माण में लापरवाही या भ्रष्टाचार हुआ है तो जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार पर सवाल पूछने पर मारा थप्पड़

साहिब सिंह के वकील मनकन दीप सिंह बाम्मी ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में कथित भ्रष्टाचार को लेकर सवाल पूछने पर प्रवेश वर्मा ने उनके मुवक्किल को थप्पड़ मारा। वकील का दावा है कि साहिब सिंह सड़क की स्थिति का वीडियो बना रहे थे और लाइवस्ट्रीमिंग कर रहे थे।

वकील ने यह भी आरोप लगाया कि मंत्री के साथ मौजूद लोगों ने साहिब सिंह को धक्का दिया और उनके साथ मारपीट की। उन्होंने दावा किया कि विकासपुरी थाने की PCR को फोन किया गया, लेकिन तत्काल FIR दर्ज नहीं की गई और बयान भी नहीं लिया गया।

साहिब सिंह ने भी आरोप लगाया कि प्रवेश वर्मा ने उनका फोन छीन लिया, उनका हाथ मरोड़ा और थप्पड़ मारा। हालांकि, ये सभी आरोप फिलहाल संबंधित पक्षों के दावे हैं।

प्रवेश वर्मा ने आरोपों से किया इनकार

प्रवेश वर्मा ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को खारिज किया है। एक्स पर जारी वीडियो बयान में उन्होंने दावा किया कि जरनैल सिंह के समर्थकों ने उनके परिवार के साथ दुर्व्यवहार और गाली-गलौज की।

वर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि AAP विधायक ने सड़क परियोजनाओं से जुड़े अधिकारियों से कमीशन की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकारी काम में बाधा डालने या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वर्मा के मुताबिक, विधायक और उनके सहयोगियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में शिकायत और FIR दर्ज की जा चुकी है।

AAP ने किया प्रदर्शन

इस मामले को लेकर AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रविवार को प्रदर्शन किया था। पार्टी ने प्रवेश वर्मा के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान दिल्ली AAP अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, विधायक कुलदीप कुमार समेत कई कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था।

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी कथित थप्पड़ कांड और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को लेकर BJP-RSS पर निशाना साधा।