टीएनपी न्यूज़
होम / ज़रा हट के
ज़रा हट के

स्विफ्टलेट का अनोखा करिश्मा, लार से बनता है लाखों का घोंसला

Rajeev Singh · 6 जुलाई 2026
कई लोगों का मानना है कि स्विफ्टलेट के घोंसले में प्रोटीन, अमीनो एसिड और कई प्रकार के खनिज पाए जाते हैं।

प्रकृति में कई ऐसे जीव-जंतु हैं, जो अपनी अनोखी विशेषताओं के कारण पूरी दुनिया में प्रसिद्ध हैं। कोई अपनी ताकत के लिए जाना जाता है तो कोई अपनी सुंदरता के लिए। इसी तरह एक छोटी-सी पक्षी स्विफ्टलेट अपने बेहद अनोखे घोंसले के कारण चर्चा में रहती है। इस पक्षी का घोंसला इतना कीमती होता है कि इसकी कीमत लाखों रुपये तक पहुंच सकती है।

लार से तैयार होता है घोंसला

अधिकांश पक्षी अपने घोंसले तिनकों, पत्तियों और छोटी टहनियों की मदद से बनाते हैं, लेकिन स्विफ्टलेट का तरीका बिल्कुल अलग है। यह अपने मुंह से निकलने वाली विशेष लार का उपयोग करके घोंसला तैयार करती है। हवा के संपर्क में आने पर यह लार धीरे-धीरे सख्त होकर मजबूत संरचना का रूप ले लेती है। कई दिनों की लगातार मेहनत के बाद कप के आकार जैसा मजबूत घोंसला बनकर तैयार होता है। यह पक्षी आमतौर पर समुद्र के किनारे मौजूद गुफाओं, ऊंची चट्टानों और अंधेरी जगहों को घोंसला बनाने के लिए चुनती है, जिससे उसके घोंसले सुरक्षित रह सकें।

आखिर इतनी ज्यादा क्यों है कीमत?

स्विफ्टलेट के घोंसले की मांग खासकर एशियाई देशों में बहुत अधिक है। चीन, हांगकांग और सिंगापुर जैसे देशों में इसका उपयोग प्रसिद्ध बर्ड नेस्ट सूप बनाने में किया जाता है। इसे एक प्रीमियम और लग्जरी लग्जरी फूड बनता है, इसलिए कई आलीशान रेस्तरां अपने मेन्यू में इसे विशेष व्यंजन के रूप में शामिल करते हैं। शुद्ध घोंसले का एक किलो वजन लाखों रुपये में बिक सकता है।

स्वास्थ्य लाभ को लेकर क्या है दावा?

कई लोगों का मानना है कि स्विफ्टलेट के घोंसले में प्रोटीन, अमीनो एसिड और कई प्रकार के खनिज पाए जाते हैं। दावा किया जाता है कि इसका सेवन शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और त्वचा के स्वास्थ्य के लिए लाभदायक हो सकता है। हालांकि, इन दावों को लेकर वैज्ञानिकों की राय एक जैसी नहीं है और अभी भी इस विषय पर शोध जारी है।

संरक्षण भी है जरूरी

बर्ड नेस्ट सूप कई सदियों से चीनी संस्कृति का हिस्सा रहा है। बढ़ती मांग के कारण कई क्षेत्रों में स्विफ्टलेट और उसके घोंसलों की सुरक्षा के लिए विशेष संरक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, ताकि इस अनोखी पक्षी की संख्या और प्राकृतिक आवास सुरक्षित रह सकें।

 

 

Written By Toshi Shah