थलपति विजय और पत्नी संगीता के बीच सुलह? 27 साल पुराना रिश्ता टूटने से बचा, फैमिली कोर्ट से वापस ली तलाक की अर्जी
Thalapathy Vijay Sangeetha Divorce Application Withdrawn: तमिल सिनेमा के सुपर स्टार और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख थलपति विजय और उनकी पत्नी संगीता सोरनालिंगम के बीच लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक विवाद में एक राहत भरा मोड़ आया है। संगीता ने चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में दायर अपनी तलाक की याचिका वापस ले ली है। पिछले कई महीनों से मीडिया और राजनीतिक गलियारों में इस हाई-प्रोफाइल शादी टूटने की अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि, हालिया घटनाक्रम और अर्जी वापस लिए जाने से दोनों के बीच सुलह के स्पष्ट संकेत मिले हैं, जिससे उनके प्रशंसकों और समर्थकों में खुशी की लहर है।
याचिका में लगाए गए थे गंभीर आरोप
संगीता द्वारा इस साल फरवरी में दायर की गई याचिका में कई गंभीर आरोप शामिल थे:
अवैध संबंध और मानसिक तनाव:
याचिका में आरोप था कि विजय का एक अन्य अभिनेत्री के साथ संबंध था, जिसकी जानकारी संगीता को 2021 में मिली थी। आश्वासन के बावजूद इसे जारी रखा गया।
पारिवारिक उपेक्षा और वित्तीय पाबंदियां:
आरोप लगाया गया था कि विजय ने संगीता और बच्चों (जेसन संजय और दिव्या साशा) को अपने सामाजिक व व्यावसायिक जीवन से अलग कर दिया। इसके अलावा, संगीता को मिलने वाली सुविधाओं में कटौती और वित्तीय पाबंदियां लगाने के भी आरोप थे।
सोशल मीडिया पोस्ट से अपमान:
याचिका के अनुसार, संबंधित अभिनेत्री द्वारा विदेश यात्राओं की तस्वीरें पोस्ट किए जाने से संगीता और उनके बच्चों को समाज में अपमान का सामना करना पड़ा।
कौन हैं संगीता सोरनालिंगम?
श्रीलंकाई तमिल मूल की संगीता का जन्म और पालन-पोषण यूनाइटेड किंगडम (UK) में हुआ। उनके पिता ब्रिटेन के एक जाने-माने और संपन्न उद्योगपति हैं। विजय और संगीता का विवाह 25 अगस्त 1999 को हुआ था। दोनों के दो बच्चे हैं, बेटा जेसन संजय और बेटी दिव्या साशा। इतने बड़े सुपरस्टार की पत्नी होने के बावजूद संगीता सादगी पसंद हैं और मीडिया की चकाचौंध से दूर परिवार को प्राथमिकता देती हैं।
फैन से हमसफर बनने की अनूठी प्रेम कहानी
विजय और संगीता की पहली मुलाकात बेहद दिलचस्प रही है। यूके में रहने वाली संगीता, थलपति विजय के अभिनय की बहुत बड़ी प्रशंसक थीं। वे केवल खत भेजने तक ही सीमित नहीं रहीं, बल्कि विजय से मिलने के लिए सीधे लंदन से चेन्नई आ गईं। उन्होंने शूटिंग सेट पर पहुंचकर विजय से मुलाकात की, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और यह दोस्ती आखिरकार शादी के पवित्र बंधन में तब्दील हो गई।
Written By: Sushma Pandey