टीएनपी न्यूज़
होम / देश
देश

'वोट चोरी का तरीका सामने आ गया...' तेजस्वी का EC पर हमला, 30 सितंबर को INDIA ब्लॉक की बैठक

Shailesh Yadav · 30 सितम्बर 2026
तेजस्वी का EC पर हमला (ANI)

नई दिल्ली: चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष और केंद्र सरकार के बीच चल रही सियासी खींचतान के बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बड़ा बयान दिया है। बता दें कि तेजस्वी ने कहा कि RJD 30 सितंबर को दिल्ली में होने वाली INDIA ब्लॉक की बैठक में शामिल होगी। बैठक में चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर विपक्षी दल आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनावों में कथित तौर पर 'वोट चोरी' का तरीका सामने आ गया है। उन्होंने दावा किया कि इसी प्रक्रिया के जरिए बीजेपी लगातार चुनाव जीतने में सफल रही है। हालांकि, ये तेजस्वी यादव के आरोप हैं।

तेजस्वी ने कहा कि चुनाव आयोग की भूमिका जनता के सामने उजागर हो चुकी है। उनके मुताबिक, बिहार से शुरू हुई कथित प्रक्रिया को बाद में देश के दूसरे हिस्सों में लागू किया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के दो सदस्यों की आपत्तियों के सामने आने के बाद इस पूरे मामले को लेकर सवाल और गहरे हुए हैं।

10 महीने में 14 बार उठीं आपत्तियां
दरअसल, द इंडियन एक्सप्रेस की एक जांच रिपोर्ट में दावा किया गया था कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने करीब 10 महीने के दौरान चुनाव आयोग के फैसलों और प्रक्रियाओं को लेकर कम से कम 14 बार औपचारिक आपत्तियां दर्ज कीं। रिपोर्ट में मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के पंजीकरण और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े कुछ फैसलों को लेकर आयोग के भीतर मतभेदों का जिक्र किया गया था।

चुनाव आयोग की ओर से इन आपत्तियों को निर्णय लेने की सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा बताया गया है। वहीं, इस रिपोर्ट के बाद विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल और तेज कर दिए हैं।

ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग
तेजस्वी यादव ने एक बार फिर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि INDIA ब्लॉक की बैठक 30 सितंबर को सुबह 11 बजे दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होगी और RJD उसमें शामिल होकर अपना पक्ष रखेगी। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि अगर कोई व्यक्ति चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है और इससे लोकतांत्रिक संस्थाओं को नुकसान पहुंचता है, तो देश की व्यवस्था कैसे चलेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष लंबे समय से ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है।

ममता बनर्जी भी पहुंचीं दिल्ली
वहीं इस मुद्दे को लेकर पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और TMC प्रमुख ममता बनर्जी भी मंगलवार को दिल्ली पहुंचीं। उन्होंने कहा कि INDIA ब्लॉक की बैठक में चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। ममता ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और उनकी टीम पर जनता को धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने बातचीत के दौरान ज्ञानेश कुमार के लिए 'वैनिश कुमार' नाम का भी इस्तेमाल किया।

30 सितंबर को होगी INDIA ब्लॉक की बैठक
INDIA ब्लॉक की बैठक 30 सितंबर को नई दिल्ली में प्रस्तावित है। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), मतदाता सूची और चुनाव आयोग से जुड़े विवादों पर विपक्षी दलों के बीच चर्चा होने की संभावना है। विपक्षी दल इन मुद्दों को लेकर आगे देशव्यापी आंदोलन की रणनीति पर भी विचार कर सकते हैं। इस बीच, चुनाव आयोग से जुड़े विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में भी एक याचिका पर सुनवाई के लिए सहमति बनी है, जिसमें CEC ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली और SIR से जुड़े फैसलों को चुनौती दी गई है। 

और पढ़ें: 

'हमारा टारगेट CEC...' दिल्ली पहुंचते ही ममता बनर्जी का हमला, 'वैनिश कुमार' वाले बयान से गरमाई सियासत