आदित्य रॉय कपूर के साथ पहली बार रोमांस करेंगी तारा सुतारिया, 2027 में रिलीज होगी म्यूजिकल लव स्टोरी
Tara Sutaria & Aditya Roy Kapur: बॉलीवुड अभिनेता आदित्य रॉय कपूर और तारा सुतारिया पहली बार एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं। दोनों एक ऐसी फिल्म में काम करेंगे, जिसमें प्यार, इमोशन, एक्शन और संगीत का मेल देखने को मिलेगा। फिलहाल फिल्म का नाम तय नहीं हुआ है। मेकर्स ने बताया है कि इसकी शूटिंग इस साल के आखिर तक शुरू हो सकती है, जबकि इसे 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।
फिल्म की जानकारी टी-सीरीज ने सोशल मीडिया पर साझा की। प्रोडक्शन हाउस के मुताबिक, यह एक इंटेंस और म्यूजिकल लव स्टोरी होगी। फिल्म का निर्देशन मिलाप मिलन जावेरी करेंगे। भूषण कुमार इसके निर्माता हैं, जबकि शिव चनाना सह-निर्माता के तौर पर जुड़े हैं।
पहली बार साथ दिखेगी आदित्य-तारा की जोड़ी
आदित्य रॉय कपूर और तारा सुतारिया पहली बार किसी फिल्म में साथ काम करने जा रहे हैं। ऐसे में दर्शकों को इस नई जोड़ी से काफी उम्मीदें हो सकती हैं। हालांकि, फिल्म की कहानी और दोनों कलाकारों के किरदारों के बारे में अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। मेकर्स ने फिल्म को एक भावनात्मक और संगीत से जुड़ी प्रेम कहानी बताया है। इसके नाम और बाकी कलाकारों को लेकर फिलहाल आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
'आशिकी 2' के बाद फिर आदित्य के साथ काम करेंगे भूषण कुमार
आदित्य रॉय कपूर और निर्माता भूषण कुमार इससे पहले भी कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। इनमें 'आशिकी 2' और 'मेट्रो... इन दिनों' जैसी फिल्में शामिल हैं। भूषण कुमार ने कहा कि आदित्य के साथ उनका जुड़ाव काफी पुराना है और दोनों के बीच रचनात्मक तालमेल अच्छा रहा है। उन्होंने कहा कि नई फिल्म की कहानी भावनात्मक और बड़े स्तर पर तैयार की जा रही है। भूषण कुमार के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट में एक बार फिर आदित्य के साथ काम करना उनके लिए खास है।
मिलाप मिलन जावेरी ने आदित्य की तारीफ की
फिल्म के निर्देशक मिलाप मिलन जावेरी ने आदित्य रॉय कपूर की अभिनय क्षमता की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि आदित्य प्रेम और भावनाओं से जुड़े किरदारों को ईमानदारी के साथ पर्दे पर उतारने की क्षमता रखते हैं। निर्देशक के मुताबिक, फिल्म में आदित्य का किरदार कई परतों वाला और भावनात्मक रूप से जटिल होगा। ऐसे किरदार के लिए उन्हें आदित्य सही कलाकार लगे।
2027 में सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
फिल्म की शूटिंग इस साल के आखिर में शुरू होने की योजना है। इसके बाद इसे 2027 में रिलीज किया जाएगा। हालांकि, अभी तक फिल्म की रिलीज डेट, शीर्षक और अन्य कलाकारों की जानकारी साझा नहीं की गई है। आदित्य रॉय कपूर पिछली बार अनुराग बसु की फिल्म 'मेट्रो... इन दिनों' में नजर आए थे, जो 2025 में रिलीज हुई थी। अब उनकी नई म्यूजिकल लव स्टोरी को लेकर दर्शकों की नजरें आधिकारिक अपडेट पर रहेंगी।
यह भी पढ़ें: ‘मुस्लिम हूं, नमाज नहीं पढ़ती’, धर्म को लेकर शबाना आजमी ने कही बड़ी बात