मणिपुर में फूड पॉइजनिंग की आशंका : BSF के 84 जवान अस्पताल में भर्ती
इंफाल: मणिपुर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के 84 जवानों को गुरुवार को संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों के मुताबिक, जवानों ने सुबह नाश्ते में पूरी और आलू की सब्जी खाई थी। इसके बाद उन्हें उल्टियां होने लगीं। सभी प्रभावित जवानों की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, ये जवान बुधवार को दूसरे स्थान से मणिपुर पहुंचे थे और इंफाल पश्चिम जिले के लामशांग इलाके में एक निर्माण स्थल पर ठहरे हुए थे।
नाश्ते के बाद शुरू हुई उल्टियां
अधिकारियों के अनुसार, जवानों ने सुबह करीब 8:30 बजे पूरी और आलू की सब्जी खाई थी। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें उल्टियां होने लगीं।
सभी प्रभावित जवानों को दोपहर करीब 1 बजे इंफाल स्थित रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) अस्पताल लाया गया। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि जवानों को आपातकालीन विभाग में तत्काल उपचार दिया गया।
RIMS के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक एम. रमेश्वर ने बताया कि जवानों की हालत स्थिर है और फिलहाल उनकी सेहत बिगड़ने के कोई संकेत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बीमारी के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जताई चिंता
मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने अस्पताल में भर्ती जवानों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में प्रभावित जवानों के जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि सभी जवानों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले।
मणिपुर में कानून-व्यवस्था के लिए तैनात हैं BSF जवान
मणिपुर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहायता के लिए BSF के जवानों की तैनाती की गई है। राज्य मई 2023 से मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जातीय हिंसा से प्रभावित रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस संघर्ष में कम से कम 306 लोगों की मौत हुई है, जबकि 49 लोग अब भी लापता हैं और हजारों लोग बेघर हुए हैं। हाल के महीनों में कुकी और नगा समुदायों के बीच भी झड़पों की खबरें सामने आई हैं।
फिलहाल, 84 जवानों के बीमार पड़ने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
यह भी पढ़ें: UP: वाराणसी के सारनाथ में जोरदार धमाका, मकान ढहा; 3 लोग घायल