वरिष्ठ रंगकर्मी आलोक को मिला ‘7th सूरज प्रकाश मारवाह स्मृति साहित्य रत्न अवार्ड-2026’
नोएडा: वरिष्ठ रंगकर्मी, नाटककार, निर्देशक एवं पत्रकार आलोक शुक्ला को साहित्य, नाट्य लेखन, निर्देशन और रंगमंच के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘7th सूरज प्रकाश मारवाह स्मृति साहित्य रत्न अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया। शुक्रवार को नोएडा स्थित मारवाह स्टूडियो में आयोजित समारोह में स्टूडियो के निदेशक एवं एएएफटी (AAFT) के कुलपति संदीप मारवाह ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
समारोह में नोएडा एफएम के निदेशक सुशील भारती, वरिष्ठ साहित्यकार विवेक मिश्रा, अजय शर्मा सहित साहित्य और कला जगत की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद आलोक शुक्ला ने आयोजकों और समारोह में उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके साहित्यिक और रंगमंचीय सफर को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देगा। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय सहयोगियों, रंगकर्मियों, साहित्यकारों और उन सभी लोगों को दिया, जिन्होंने उनके रचनात्मक सफर में साथ दिया है।
1986 में रीवा से शुरू हुआ था रंगमंच का सफर
आलोक शुक्ला ने वर्ष 1986 में मध्य प्रदेश के रीवा से अपने रंगमंचीय सफर की शुरुआत की थी। करीब चार दशक की इस यात्रा में वे लगभग 50 नाटकों के 600 मंचनों से जुड़ चुके हैं। उन्होंने एक दर्जन से अधिक नाटकों का निर्देशन किया है। इसके अलावा 16 मंचीय नाटकों और 6 रेडियो नाटकों की रचना भी की है।
उनकी अब तक नौ पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। इनमें नाट्य संग्रह, आत्मकथ्य, कविता, कहानी और लोकनाट्य पर आधारित शोध पुस्तक शामिल हैं।
दिग्गज रंगकर्मियों और फिल्मी सितारों के साथ किया काम
अपने लंबे रंगमंचीय करियर में आलोक शुक्ला ने हबीब तनवीर, सागर सरहदी, शिवदास घोड़के, रंजीत कपूर, राजीव राज, अनवर सिद्दीकी, अहमद जैदी, योगेश त्रिपाठी, प्रो. सतीश मेहता, अमोल पालेकर, बासु चटर्जी और सत्यदेव दुबे जैसे प्रतिष्ठित रंगकर्मियों एवं निर्देशकों के साथ काम किया है। इसके अलावा उन्हें अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान जैसे फिल्मी सितारों के साथ भी काम करने का अनुभव रहा है।
पत्रकारिता, रेडियो और टेलीविजन में भी बनाई पहचान
रंगमंच के अलावा आलोक शुक्ला ने पत्रकारिता, रेडियो, टेलीविजन और सिनेमा के क्षेत्र में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है। नब्बे के दशक में उन्होंने रीवा से प्रकाशित साप्ताहिक पत्रिका ‘मीडिया वॉच’ का संपादन किया।
आकाशवाणी रीवा और मुंबई से करीब एक दशक तक उनके लिखे नाटकों और कविताओं का प्रसारण होता रहा। उन्होंने विभिन्न टेलीविजन चैनलों के लिए यात्रा, फिल्म, धार्मिक और कुकरी कार्यक्रमों का लेखन एवं निर्देशन किया। इसके साथ ही कई चर्चित धारावाहिकों और फिल्मों में अभिनय भी किया है। वर्ष 2015 में उन्होंने मुंबई के नानावती कॉलेज में मीडिया विभाग में विजिटिंग फैकल्टी के रूप में भी सेवाएं दीं।
गंभीर बीमारी के बाद भी नहीं छोड़ा रंगमंच
आलोक शुक्ला के जीवन और रचनात्मक सफर का एक महत्वपूर्ण पहलू उनका संघर्ष भी रहा है। जून 2020 में वे गंभीर गिलियन-बैरे सिंड्रोम (GBS) से प्रभावित हुए, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने लेखन और रंगमंचीय गतिविधियों को जारी रखा।
22 जनवरी 2024 को नई दिल्ली के एलटीजी सभागार में साहित्य कला परिषद के भारत मुनि नाट्य उत्सव के दौरान उन्होंने अपने लिखे और निर्देशित द्विपात्रीय नाटक ‘उसके साथ’ में अभिनय किया। इस प्रस्तुति के साथ उन्होंने लगभग चार साल के अंतराल के बाद मंच पर वापसी की। उनकी यह वापसी रंगमंच के प्रति उनके समर्पण और रचनात्मक सक्रियता का महत्वपूर्ण उदाहरण रही।
‘प्रासंगिक’ के जरिए रंगमंच को दे रहे नई दिशा
वर्तमान में दिल्ली में रहकर आलोक शुक्ला अपनी संस्था ‘प्रासंगिक’ के माध्यम से रंगमंचीय गतिविधियों को आगे बढ़ा रहे हैं। उनके चर्चित नाटकों में ‘उसके साथ’, ‘ख्वाब’, ‘अजीब दास्तां’, ‘ऐ बुड्ढे’, ‘टुइयां गांव के लोग’ और ‘दिग्दर्शक’ शामिल हैं।
उनके नाटकों का मंचन दिल्ली, मुंबई, भोपाल, इंदौर, गाजियाबाद, सहारनपुर, गिरिडीह, अलवर, पटियाला, शहडोल और पोर्ट ब्लेयर सहित देश के कई शहरों में हो चुका है। अगस्त 2023 में संगीत नाटक अकादमी के तत्वावधान में उन्होंने ओडिशा के राउरकेला में तीन दिवसीय नाट्य लेखन कार्यशाला का संचालन भी किया था।
पहले भी मिल चुके हैं कई प्रतिष्ठित सम्मान
आलोक शुक्ला को इससे पहले भी उनके रंगमंचीय और साहित्यिक योगदान के लिए कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। इनमें ‘पंचानन पाठक अवार्ड-2026’, ‘भारतीय लेखन सम्मान-2025’, ‘इंडिया नेटबुक्स नाट्य रत्न पुरस्कार-2022 एवं 2024’ और सहारनपुर रंग महोत्सव-2024 में मिला ‘विजेश जोशी स्मृति सम्मान’ प्रमुख हैं। इसके अलावा उन्हें संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत सीसीआरटी की सीनियर फेलोशिप भी प्राप्त हो चुकी है।
‘7th सूरज प्रकाश मारवाह स्मृति साहित्य रत्न अवार्ड-2026’ के जरिए आलोक शुक्ला के लगभग चार दशक लंबे साहित्यिक, नाट्य लेखन और रंगमंचीय योगदान को सम्मानित किया गया है। उनका सफर नई पीढ़ी के रंगकर्मियों और लेखकों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
यह भी पढ़ें: एक थाली में समाई भारत की खानपान संस्कृति, जानिए देश के 5 मशहूर जायकों की खासियत