सुपौल में लगी भीषण आग, छह परिवारों के घर जलकर हुए राख; एक मवेशी झुलसा, लाखों का सामान खाक
बिहार: बिहार के सुपौल जिले में देर रात भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। मरौना अंचल के कमरैल पंचायत अंतर्गत मोहलिया चंद्रगढ़ गांव के वार्ड नंबर 08 में आग लगने से छह परिवारों के घर जलकर राख हो गए। इस हादसे में एक मवेशी भी बुरी तरह झुलस गया। आग की चपेट में आने से घरों में रखा सामान भी जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।
देर रात लगी आग, छह परिवारों को भारी नुकसान
जानकारी के मुताबिक, आग लगने की घटना देर रात हुई। देखते ही देखते आग ने आसपास के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस अगलगी में रामदेव यादव, बिजेंद्र यादव, मिथिलेश यादव, मोहम्मद जियाउद्दीन, मोहम्मद जियाउल समेत छह परिवार प्रभावित हुए हैं। आग इतनी भीषण थी कि परिवारों के घर और उनमें रखा सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
मौके पर पहुंचे अधिकारी, पीड़ितों को मिली राहत सामग्री
घटना की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी और राजस्व कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अगलगी से हुए नुकसान का जायजा लिया। साथ ही पीड़ित परिवारों के बीच तत्काल राहत सामग्री का वितरण किया गया, ताकि उन्हें शुरुआती जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल सके।
जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवारों को दिया भरोसा
घटनास्थल पर कमरैल पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रविंद्र कुमार और गनौरा पंचायत के मुखिया जितेंद्र कुमार भी पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। जनप्रतिनिधियों ने पीड़ितों को सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
फिलहाल अगलगी से प्रभावित परिवारों को राहत और सरकारी सहायता का इंतजार है।
रिपोर्ट: रोशन राय, सुपौल, बिहार
यह भी पढ़ें: अलीगढ़ के खेरेश्वर धाम मंदिर के गर्भगृह में बकरे का मांस ले जाने का आरोप, सरकारी शिक्षक गिरफ्तार