टीएनपी न्यूज़
होम / देश
देश

धार: 12 किलोमीटर का सफर तय करने में लग रहे 45 मिनट, सुन्द्रेल-धामनोद-धेगदा मार्ग बदहाल

Shivani Gupta · 23 नवम्बर 2026
धार: 12 किलोमीटर का सफर तय करने में लग रहे 45 मिनट, सुन्द्रेल-धामनोद-धेगदा मार्ग बदहाल

धार: जिले के सुन्द्रेल से धामनोद होते हुए धेगदा तक जाने वाला सड़क मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि महज 12 किलोमीटर का सफर तय करने में करीब 45 मिनट लग रहे हैं। सड़क की खराब स्थिति से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा अब फूट पड़ा है। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को सड़क सुधारने का अंतिम अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क ठीक नहीं हुई तो क्षेत्र में नेताओं का प्रवेश वर्जित कर दिया जाएगा।

हर 5 से 10 मीटर पर गड्ढे, वाहन चलाना मुश्किल

सुन्द्रेल-धामनोद-धेगदा मार्ग पर हर 5 से 10 मीटर की दूरी पर छोटे-बड़े गड्ढे नजर आ रहे हैं। सड़क पर वाहन चलाने के बजाय चालकों को गड्ढों से बचने के लिए बार-बार दिशा बदलनी पड़ती है। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक जोखिम उठाकर इस मार्ग से गुजरने को मजबूर हैं।

यह भी पढ़ें: शेयर बाजार में भारी गिरावट से निवेशकों को ₹5 लाख करोड़ का नुकसान, सेंसेक्स 1,850 अंक लुढ़का

बाहर से आने वाले वाहन चालक मोबाइल मैप के सहारे इस रास्ते पर पहुंचते हैं, लेकिन सड़क की हालत देखकर उन्हें काफी परेशानी होती है। खराब सड़क के कारण वाहनों के पुर्जे टूटने, डीजल की खपत बढ़ने और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।

बेजुबान पशुओं की परेशानी भी बढ़ी

सड़क की बदहाली का असर केवल यात्रियों तक सीमित नहीं है। सुन्द्रेल में प्रत्येक सप्ताह पशु बाजार लगता है, जहां दूर-दराज के क्षेत्रों से पशुओं को वाहनों में भरकर लाया जाता है। सड़क पर मौजूद गड्ढों के कारण वाहनों में सवार पशुओं को तेज झटके लगते हैं और उनके घायल होने की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों का कहना है कि इंसान अपनी परेशानी बता सकता है, लेकिन बेजुबान पशुओं की पीड़ा को समझने वाला कोई नहीं है।

यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में बेरोजगार युवाओं को हर महीने मिलेंगे ₹2,000, जनवरी से शुरू होगी 'भरोसा कर्मसूची' योजना

ग्रामीणों ने दिया अंतिम अल्टीमेटम

ग्रामीणों के मुताबिक सड़क की समस्या को लेकर कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। ग्रामीणों ने तत्काल पैचवर्क कराने के साथ सड़क का नए सिरे से निर्माण कराने की मांग की है।

दिसंबर में सुन्द्रेल में पशु बाजार मेला आयोजित होना है, जिसमें दूर-दराज से लोग पहुंचेंगे। ग्रामीणों की मांग है कि मेले से पहले सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क सुधारने का काम शुरू नहीं हुआ तो वे क्षेत्र में राजनीतिक नेताओं का प्रवेश प्रतिबंधित करेंगे। अब देखना होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की इस चेतावनी के बाद सड़क सुधार को लेकर क्या कदम उठाता है।

रिपोर्ट: दीपक कुमार शिंदे, धार-धामनोद | टीएनपी न्यूज

यह भी पढ़ें: बहराइच: डीएम ने छात्राओं से पूछे अंग्रेजी और भूगोल के सवाल, परखी शिक्षा की गुणवत्ता