टीएनपी न्यूज़
होम / शिक्षा
शिक्षा

सरकारी नौकरी के बजाए अब Startup की ओर क्यों भाग रहे हैं युवा!

Geeta Sharma · 24 अक्टूबर 2026
Startup की ओर क्यों भाग रहे हैं युवा!

Student Entrepreneurship: भारत के कॉलेज कैंपस में करियर को लेकर युवाओं की सोच तेजी से बदल रही है। अब बड़ी संख्या में छात्र सरकारी नौकरी या बड़ी कंपनियों में काम करने के बजाय अपना बिजनेस शुरू करने और स्टार्टअप बनाने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। IIT मंडी की GUESSS India 2025 National Survey Report के मुताबिक, भारतीय उच्च शिक्षा संस्थानों में पढ़ने वाले 22 फीसदी छात्र पहले ही किसी न किसी रूप में बिजनेस शुरू कर चुके हैं। यह आंकड़ा 23 फीसदी के ग्लोबल औसत के करीब है। इस सर्वे में 34 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 1,200 से ज्यादा संस्थानों के 25,783 छात्रों को शामिल किया गया।

43 फीसदी छात्र बनना चाहते हैं उद्यमी

रिपोर्ट के अनुसार, 43 फीसदी भारतीय छात्र भविष्य में अपना बिजनेस शुरू करना चाहते हैं। वहीं, पढ़ाई पूरी करने के तुरंत बाद कारोबार शुरू करने की इच्छा रखने वाले छात्रों का अनुपात 2023 के 14 फीसदी से बढ़कर 2025 में 16.2 फीसदी हो गया है। यह बदलाव बताता है कि युवा अब करियर के पारंपरिक विकल्पों के साथ उद्यमिता को भी एक मजबूत विकल्प के तौर पर देख रहे हैं।

कॉलेज में ही बिजनेस को मिल रही रफ्तार

छात्रों की उद्यमिता अब केवल आइडिया तक सीमित नहीं है। सर्वे में शामिल छात्र उद्यमियों में 35.5 फीसदी ने बताया कि उनके कारोबार से नियमित बिक्री हो रही है। यह वैश्विक औसत 33 फीसदी से अधिक है। इसके अलावा, 41 फीसदी छात्र उद्यमी पहले एक बिजनेस बंद करने के बाद दोबारा शुरुआत कर चुके हैं, जबकि करीब 42 फीसदी एक से अधिक बिजनेस चला रहे हैं। इससे युवाओं के बीच जोखिम उठाने और असफलता के बाद फिर प्रयास करने का रुझान सामने आता है।

AI और डिजिटल सेक्टर पर युवाओं की नजर

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), आईटी और डिजिटल टेक्नोलॉजी छात्रों के पसंदीदा बिजनेस क्षेत्रों में शामिल हैं। हालांकि, मौजूदा छात्र कारोबारों में केवल करीब 10 फीसदी डिजिटल श्रेणी में आते हैं। इससे पता चलता है कि तकनीक में रुचि होने के बावजूद कई छात्रों को अपने विचारों को व्यावसायिक रूप देने के लिए संसाधनों, प्रशिक्षण और बाजार की समझ की जरूरत है।

नेटवर्किंग से बढ़ते हैं बिजनेस के मौके

रिपोर्ट के मुताबिक, परिवार, दोस्तों, सहपाठियों या शिक्षकों के नेटवर्क में उद्यमी होने पर छात्रों के बिजनेस शुरू करने की संभावना तीन गुना तक अधिक रहती है। ऐसे में कॉलेजों में मेंटरशिप, स्टार्टअप इन्क्यूबेशन और सफल उद्यमियों से संवाद युवाओं के लिए अहम साबित हो सकते हैं।

महिला उद्यमियों के सामने अब भी चुनौतियां

महिलाएं भी उद्यमिता में दिलचस्पी दिखा रही हैं, लेकिन इच्छा को कारोबार में बदलने के मामले में अंतर है। बिजनेस शुरू करने की इच्छा रखने वाली महिलाओं में 45 फीसदी ने वास्तव में कारोबार शुरू किया, जबकि पुरुषों में यह आंकड़ा 53 फीसदी रहा। आर्थिक सहायता, बेहतर नेटवर्क और संस्थागत सहयोग इस अंतर को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

ये भी पढ़ें: UPSC Result 2026: बड़ी खुशखबरी! सितंबर भर्ती में 17 पदों पर हुआ चयन, जानें कैसे करें रिजल्ट चेक