टीएनपी न्यूज़
होम / विदेश
विदेश

Strait Of Hormuz में जहाजों पर मंडराया गहरा संकट, बारूदी सुरंग की चपेट में आया सुपरटैंकर, जानें सबकुछ

Anurag Kumar Tripathi · 17 अक्टूबर 2026
Strait Of Hormuz

Strait Of Hormuz: इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना ने शनिवार को घोषणा की कि होर्मुज में एक नौसैनिक बारूदी सुरंग (नेवल माइन) से टकराने के बाद, नियमों का उल्लंघन करने वाला एक दूसरा सुपरटैंकर विस्फोट का शिकार हो गया। इससे कुछ घंटे पहले ही, एक अन्य टैंकर के साथ भी ऐसी ही घटना हुई थी। कच्चे तेल से भरा एक सुपरटैंकर समुद्र में बिछी बारूदी सुरंग की चपेट में आने के बाद आग की लपटों में घिर गया।

2 मिलियन बैरल से ज्यादा तेल ले जा रहा था जहाज

रिपोर्टों के मुताबिक, सुपरटैंकर में 20 लाख बैरल से ज्यादा कच्चा तेल लदा था। IRGC ने दावा किया कि जहाज ने अपनी पोजिशनिंग और रडार प्रणालियां बंद कर दी थीं और निर्धारित मार्ग के बजाय एक ऐसे रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहा था, जिसे ईरान ने अनधिकृत बताया है। इसी दौरान कथित तौर पर समुद्री सुरंग से टकराने के बाद जहाज के इंजन रूम में बड़ा विस्फोट हुआ और आग लग गई।

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर मंडराया संकट

ईरानी मीडिया के अनुसार, यह घटना ऐसे समय हुई जब IRGC ने इससे पहले भी एक अन्य सुपरटैंकर के समुद्री सुरंग से टकराने और आग लगने का दावा किया था। लगातार सामने आ रही ऐसी खबरों ने इस अहम समुद्री रास्ते से गुजरने वाले तेल टैंकरों और अन्य व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। Strait of Hormuz फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है।

यह दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा परिवहन मार्गों में से एक है। यहां से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचती है।

इस रास्ते पर जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से तेल की सप्लाई, समुद्री बीमा और माल ढुलाई की लागत पर दबाव पड़ सकता है। लेकिन पिछले कुछ दिनों से इस रास्ते को लेकर चिंता अधिक बढ़ गई है।

यह भी पढ़े - नई दिल्ली: दुश्मन देशों को भारत का रणनीतिक संदेश! सैन्य तालमेल मजबूत करने में इंडिया ने हासिल किया नया कीर्तिमान, सदमे में पाक-चीन