भारत की कूटनीतिक जीत या कुछ और? ईरान ने Strait of Hormuz प्रतिबंधों से क्यों दी छूट, वजह जान रह जाएंगे हैरान
Strait of Hormuz: पश्चिम एशिया में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष का असर अब दुनिया के समुद्री व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर भी दिखाई देने लगा है। इस बीच ईरान ने भारत को लेकर एक बड़ा फैसला किया है। तेहरान ने भारत समेत चार देशों के जहाजों को रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से गुजरने पर लगी पाबंदियों से छूट देने का ऐलान किया है।
इस फैसले के बाद भारत के लिए राहत की उम्मीद बढ़ गई है। खास बात यह है कि ईरान ने भारतीय जहाजों को रास्ता देने के पीछे दवाइयों की जरूरत को एक प्रमुख वजह बताया है। वहीं, चीन के जहाजों को छूट देने के पीछे बीजिंग से राजनीतिक समर्थन हासिल करने की मंशा बताई गई है।
भारत समेत इन 4 देशों को मिली होर्मुज से गुजरने की छूट
ईरान की संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के उपाध्यक्ष अमीर हयात-मोकद्दम ने ईरानी समाचार एजेंसी ISNA को दिए इंटरव्यू में बताया कि भारत, चीन, इराक और कतर के जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने पर लगी पाबंदियों से छूट दी गई है।
उनके मुताबिक, इन चार देशों के जहाज इस समुद्री रास्ते से गुजर सकते हैं और अमेरिकी सेना भी उन्हें नहीं रोक रही है। हालांकि, इस छूट का मतलब यह नहीं है कि होर्मुज से गुजरने वाले सभी जहाजों को पूरी तरह जोखिम मुक्त रास्ता मिल गया है। क्षेत्र में सैन्य तनाव और समुद्री सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियां अभी भी बनी हुई हैं।
आखिर भारत को क्यों मिली यह खास छूट?
ईरान की ओर से भारत को छूट देने के पीछे सबसे बड़ी वजह दवाइयों की जरूरत बताई गई है। ईरानी सांसद के मुताबिक, भारत से दवाइयों और जरूरी मेडिकल उत्पादों का आयात आसान बनाने के लिए भारतीय जहाजों को रास्ता दिया गया है।
दरअसल, अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों और युद्ध के कारण ईरान को कई जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारत फार्मास्युटिकल यानी दवा उत्पादन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण देश है। ऐसे में ईरान के लिए भारत से दवाइयां हासिल करना काफी अहम है।
इसके अलावा भारत और ईरान के बीच लंबे समय से व्यापारिक और कूटनीतिक संबंध रहे हैं। दोनों देश क्षेत्रीय संपर्क, ऊर्जा सुरक्षा और व्यापार जैसे मुद्दों पर लगातार बातचीत करते रहे हैं।
यह भी पढ़े - US-Iran War: बुरे फंसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ईरान के आगे घुटने टेकेंगे अमेरिकी राष्ट्रपति! जानें वजह