MPSC को लेकर राहुल गांधी का फडणवीस सरकार पर निशाना, बोले- ‘छात्रों का भविष्य बनाने वाली संस्था हाइजैक हो गई’
Rahul Gandhi MPSC Statement: महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की कार्यप्रणाली को लेकर जारी छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से आयोग में सुधार करने की मांग की है। राहुल गांधी ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई जानी चाहिए और छात्रों की शिकायतों पर सरकार को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
राहुल गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में पुणे के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान महाराष्ट्र के छात्रों ने उनके सामने पेपर लीक, भर्ती प्रक्रिया में देरी, महंगी शिक्षा, जर्जर हॉस्टल, खराब भोजन और DBT व्यवस्था में कथित गड़बड़ी जैसी समस्याएं रखी थीं।
उन्होंने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री फडणवीस से MPSC में सुधार करने, परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और छात्रों की समस्याएं सुनने का आग्रह किया था। राहुल गांधी के मुताबिक, इसके बाद भी छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, जिसके चलते वे पुणे में सत्याग्रह कर रहे हैं।
छात्रों की क्या हैं मांगें?
राहुल गांधी के अनुसार, प्रदर्शन कर रहे छात्र MPSC के चेयरपर्सन के इस्तीफे और उनकी जगह किसी ईमानदार एवं सक्षम अधिकारी की नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा छात्रों ने 70 हजार से ज्यादा खाली सरकारी पदों को जल्द भरने की मांग भी उठाई है। राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों की ये मांगें अनुचित नहीं हैं और इन पर केवल आश्वासन देने के बजाय कार्रवाई की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र प्रतियोगी परीक्षा समन्वय समिति ने अपनी मांगों को लेकर सत्याग्रह शुरू किया है। राहुल गांधी ने कहा कि यूथ कांग्रेस और NSUI छात्रों के आंदोलन के साथ हैं और उन्होंने दोनों संगठनों से छात्रों के साथ खड़े रहने को कहा है। राहुल गांधी ने MPSC को लेकर कहा कि "छात्रों का भविष्य बनाने वाली संस्था को हाइजैक कर लिया गया है।" उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे को महाराष्ट्र सरकार के सामने फिर उठाएंगे और स्थायी समाधान की मांग करेंगे।
MPSC सचिव को पद से हटाया गया
इस बीच MPSC को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक, महाराष्ट्र सरकार ने MPSC सचिव महेंद्र हरपालकर को उनके पद से हटा दिया है। यह कदम छात्रों की ओर से आयोग की कार्यप्रणाली और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर उठाई जा रही आपत्तियों के बीच आया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ छात्रों की बैठक के बाद सरकार ने परीक्षा प्रक्रिया और भर्ती को लेकर कई कदम उठाने का आश्वासन दिया था। इनमें परीक्षाएं ऑफलाइन कराने और भर्ती प्रक्रिया में सुधार जैसे मुद्दे शामिल हैं।
प्रदर्शन के दौरान पत्रकार से मारपीट का आरोप
MPSC अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के दौरान पुणे में एक पत्रकार के साथ कथित मारपीट का मामला भी सामने आया है। यह घटना शास्त्री रोड पर प्रदर्शन के दौरान हुई, जिसके बाद मौके पर मौजूद पत्रकारों ने आंदोलन के कवरेज का बहिष्कार किया और FIR दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।