टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

पी मूर्ति के घर पुलिस की छापेमारी पर स्टालिन ने TVK सरकार पर उठाए सवाल, कहा- 'जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश'

Ajit Kumar Singh · 20 नवम्बर 2026
TVK Government
चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में पूर्व मंत्री पी. मूर्ति के आवास पर पुलिस की छापेमारी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। डीएमके प्रमुख एवं तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने इस कार्रवाई को लेकर TVK सरकार पर निशाना साधा है। स्टालिन ने आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री के घर पर पुलिस की छापेमारी का मकसद केवल जनता और मीडिया का ध्यान भटकाना है। उन्होंने सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक मुद्दा बनाया।

पुलिस की छापेमारी, ध्यान हटाने की राजनीति से प्रेरित: स्टालिन

दरअसल, पूर्व मंत्री पी. मूर्ति के आवास पर पुलिस की यह कार्रवाई मदुरै के पलामेडु और अलंगानल्लूर इलाके में कथित खदान अनियमितताओं के मामले से जुड़ी है। आरोप है कि खदानों से नियमों से अधिक लाल मिट्टी और पत्थरों का उत्खनन किया गया। पुलिस इस मामले में खदानों के टेंडर और अन्य संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। इस संदर्भ में एम के स्टालिन ने आरोप लगाते हुए कहा कि तमिलनाडु के पूर्व मंत्री पी मूर्ति से जुड़े ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी, राज्य में बड़े ड्रग बरामदगी और बिगड़ते कानून-व्यवस्था से लोगों का ध्यान हटाने की राजनीति से प्रेरित कोशिश है।

ये भी पढ़ें- राहुल गांधी के विदेश नीति बयान पर BJP का हमला, कहा- 'पाकिस्तान का समर्थक'

प्रशासनिक नाकामियों को छिपाने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल

इस मामले को लेकर स्टालिन ने कहा कि ये तलाशी इसलिए की गई ताकि तमिलनाडु में केंद्रीय एजेंसियों द्वारा की जा रही बड़ी नशीली दवाओं की जब्ती को छिपाया जा सके। स्टालिन ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के प्रशासन पर प्रशासनिक नाकामियों को छिपाने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। इसे लेकर स्टालिन ने दावा किया कि जब भी सत्ताधारी सरकार को अपराध एवं विधायकों के गलत कामों को लेकर लोगों की शर्मिंदगी का सामना करना पड़ता है, तो पूर्व DMK मंत्रियों को निशाना बनाते हैं और यह एक आम बात हो गई है।

ये भी पढ़ें- SCO सभ्यता संवाद मंच का आज उद्घाटन करेंगे PM मोदी,भारत पहुंचे पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक