सीतापुर में 12 सूत्रीय मांगों को लेकर शिक्षकों का धरना, पुरानी पेंशन बहाली की उठाई आवाज
सीतापुर, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में शिक्षकों ने अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेश के सभी 75 जनपदों में एक साथ आयोजित इस आंदोलन के तहत शिक्षकों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों को पूरा करने की अपील की।
शिक्षकों की प्रमुख मांग पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली है। इसके अलावा विद्यालयों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति और वर्ष 2012 के बाद नियुक्त शिक्षकों को भी पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने की मांग उठाई गई।
टीईटी से जुड़े नए शासनादेश का विरोध
प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों ने वर्ष 2011 के बाद नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी से संबंधित नए शासनादेश को लागू नहीं करने की मांग की। उनका कहना है कि उनकी नियुक्ति सरकार की ओर से निर्धारित योग्यता और नियमों के आधार पर हुई थी। ऐसे में नियुक्ति के बाद नए नियम लागू करना शिक्षकों के हितों के खिलाफ है।
शिक्षकों ने सरकार से सभी 12 सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से विचार करने और उनका जल्द समाधान निकालने की अपील की। उनका कहना है कि पुरानी पेंशन की बहाली और सेवा संबंधी अन्य मांगें शिक्षकों के भविष्य और अधिकारों से जुड़ी हैं।
इस आंदोलन के माध्यम से शिक्षकों ने सरकार तक अपनी समस्याएं पहुंचाने और मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की आवाज उठाई।
रिपोर्ट: ज्योति कुमार
यह भी पढ़ें: बिहार: मशरक में वाहन दिलाने के नाम पर 300 लोगों से ठगी का आरोप, लाखों रुपये लेकर कंपनी फरार!