सिक्किम में भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड, घर को पहुंचा नुकसान; सड़क और पानी की सप्लाई प्रभावित
Sikkim Landslide: सिक्किम में भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड की घटनाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजधानी गंगटोक के ताडोंग स्थित लिंगडिंग इलाके में गुरुवार रात करीब 12:30 बजे भूस्खलन हुआ। इसकी चपेट में आने से एक घर को आंशिक नुकसान पहुंचा, जबकि इलाके की सड़क और पानी की सप्लाई भी प्रभावित हुई।
घर में घुसा पानी और मलबा
लैंडस्लाइड में जेएन भट्टराई के घर को आंशिक नुकसान हुआ। भूस्खलन के बाद पानी और कीचड़ घर की पहली मंजिल के कमरों में घुस गया। इसके अलावा इलाके में पानी की सप्लाई करने वाली तीन प्रमुख पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे स्थानीय जल आपूर्ति बाधित हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, लिंगडिंग झोरा के पास सड़क तड़के करीब 3 बजे से सुबह 9 बजे तक पूरी तरह बाधित रही। इसके कारण स्थानीय लोगों और आसपास के निवासियों को आवाजाही में परेशानी हुई। बाद में मलबा हटाकर सड़क पर यातायात बहाल कर दिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। किसी अन्य मकान या वाहन को भी नुकसान नहीं पहुंचा है।
रिंबी में 28 घरों के 128 लोगों को निकाला गया
भारी बारिश और नए सिरे से भूस्खलन के खतरे को देखते हुए सिक्किम के ग्यालशिंग जिले के रिंबी के संवेदनशील इलाकों से 28 घरों के 128 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। सिक्किम स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (SSDMA) के अनुसार, जिला प्रशासन और संबंधित विभाग सिंगलिटाम और रिंबी में राहत एवं बहाली का काम कर रहे हैं। सिंगलिटाम वार्ड में सात प्रभावित परिवारों के लिए राहत केंद्र बनाया गया है। यहां बुजुर्गों और बच्चों समेत 33 से ज्यादा लोग रह रहे हैं। प्रशासन की ओर से उन्हें भोजन और जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
रिंबी में पुल बहा, सड़क बहाल करने की कोशिश
14 सितंबर को हुई भारी बारिश और बाढ़ के बाद रिंबी में स्थिति का नए सिरे से आकलन किया गया। इसके बाद संवेदनशील इलाकों में रहने वाले 128 लोगों को रिंबी ग्राम पंचायत केंद्र में स्थानांतरित किया गया। रोड्स एंड ब्रिजेज विभाग प्रभावित इलाकों में मलबा हटाने और सड़क बहाली का काम चौबीसों घंटे कर रहा है। SSDMA के मुताबिक, NiK Kholsa स्ट्रीम के किनारे भूस्खलन का मलबा जमा हो गया है। बारिश के दौरान पानी और मलबा तेज बहाव के साथ रिंबी गांव की ओर आ रहा है, जिससे नदी के किनारे बने मकानों पर खतरा बढ़ गया है।
तेज पानी और मलबे के बहाव के कारण रिंबी का RCC पुल पहले ही बह चुका है। मुख्य रिंबी नदी ने भी अपना रास्ता बदल लिया है, जिससे सड़क के किनारे का हिस्सा प्रभावित हो रहा है। सड़क बह जाने के बाद कनेक्टिविटी बहाल करने के लिए राज्य सरकार ऊंचाई वाले स्थान पर बेली ब्रिज बनाने की तैयारी कर रही है।
प्रशासन ने लोगों को किया सतर्क
प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान सक्रिय भूस्खलन वाले क्षेत्रों, मलबा जमा होने वाले स्थानों और नदी-नालों के पास जाने से बचने की अपील की है। प्रभावित इलाकों की निगरानी के लिए वहां रोशनी की व्यवस्था भी की जा रही है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को राहत सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। भारी बारिश के बीच सिक्किम के कई हिस्सों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की घटनाएं सामने आई हैं। प्रशासन की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।