टीएनपी न्यूज़
होम / मनोरंजन
मनोरंजन

Eetha Trailer: श्रद्धा कपूर की फिल्म का ट्रेलर रिलीज, लावणी कलाकार की कहानी

Shivani Gupta · 30 अक्टूबर 2026
श्रद्धा कपूर की फिल्म का ट्रेलर

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की अपकमिंग फिल्म 'ईठा' (Eetha) का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म में श्रद्धा कपूर लावणी की दिग्गज कलाकार ईठा बाई की भूमिका निभाती नजर आएंगी। यह फिल्म एक ऐसी महिला की असाधारण जिंदगी पर आधारित है, जिसने सामाजिक परंपराओं को चुनौती देते हुए अपनी कला, हिम्मत और जुनून के दम पर इतिहास में खास जगह बनाई।

मेकर्स के मुताबिक, फिल्म का ट्रेलर दर्शकों को ईठा बाई की रंगीन और भव्य दुनिया में ले जाता है। इसमें उनके संघर्ष, महत्वाकांक्षा, जुनून और कामयाबी की झलक देखने को मिलती है। दमदार विजुअल्स, शानदार संगीत और भावनात्मक दृश्यों से सजा यह ट्रेलर एक भव्य म्यूजिकल ड्रामा की उम्मीद जगाता है।

ईठा बाई के किरदार में दिखेंगी श्रद्धा कपूर

फिल्म में अपने किरदार को लेकर श्रद्धा कपूर ने कहा कि यह एक ऐसी महिला की कहानी है, जिसकी कला, साहस और अपनी अलग पहचान बनाने की जिद उसे हमेशा के लिए यादगार बनाती है। उन्होंने बताया कि जैसे-जैसे निर्देशक लक्ष्मण उतेकर ने उन्हें इस किरदार के बारे में बताया, वैसे-वैसे वह ईठा बाई की दुनिया से जुड़ती चली गईं। इस भूमिका को निभाना उनके लिए बेहद रोमांचक अनुभव रहा है।

      View this post on Instagram      

A post shared by Maddock Films (@maddockfilms)

दिनेश विजान ने क्यों बनाई 'ईठा'?

फिल्म के निर्माता दिनेश विजान ने कहा कि सिनेमा में कभी-कभी ऐसी कहानियां सामने आती हैं, जिन्हें जानकर हैरानी होती है कि दुनिया अब तक इनके बारे में ज्यादा क्यों नहीं जानती। उनके लिए 'ईठा' ऐसी ही एक कहानी है।

उन्होंने कहा कि लावणी की दुनिया, उसका संगीत, लय, ऊर्जा और उससे जुड़ी शानदार शख्सियतें बेहद आकर्षक हैं। इस कला को जीवंत बनाने वाली असाधारण महिलाओं की कहानियां बड़े पर्दे पर दिखाई जानी चाहिए।

'छावा' के बाद अलग दुनिया लेकर आए लक्ष्मण उतेकर

फिल्म के निर्देशक लक्ष्मण उतेकर ने बताया कि ब्लॉकबस्टर फिल्म 'छावा' की सफलता के बाद वह दर्शकों को एक बिल्कुल अलग दुनिया में ले जाना चाहते थे। 'ईठा' एक ऐसी कलाकार की कहानी है, जिसने अपनी कला के जरिए एक विरासत तैयार की।

कौन बना रहा है फिल्म 'ईठा'?

'ईठा' का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। फिल्म का निर्माण दिनेश विजान और लक्ष्मण उतेकर ने किया है। इसे मैडॉक फिल्म्स (Maddock Films) और कठपुतली क्रिएशंस (Kathputli Creations) प्रस्तुत कर रहे हैं।

फिल्म के ट्रेलर ने श्रद्धा कपूर के नए अंदाज और लावणी की समृद्ध सांस्कृतिक दुनिया को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। अब सभी को फिल्म की रिलीज का इंतजार है।

यह भी पढ़ें: करवा चौथ पर निक ने प्रियंका को दिया खास सरप्राइज; इमोशनल हुई एक्ट्रेस, कहा- मेरे पति जैसा...