शिवा शर्मा हत्याकांड: श्रद्धा दुबे समेत तीन आरोपियों को लखनऊ ला रही यूपी पुलिस, नागपुर कोर्ट से मिली ट्रांजिट रिमांड
Shiva Sharma Murder Case: शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस अब उन्हें लखनऊ ला रही है। नागपुर की अदालत ने श्रद्धा दुबे, उनकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश की ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर दी है। तीनों को मंगलवार को यूपी एसटीएफ और लखनऊ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें लेकर लखनऊ के लिए रवाना हो गई।
तीनों आरोपी काफी समय से फरार थे और उनकी गिरफ्तारी पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी के बाद उन्हें पकड़ा। अब लखनऊ में उनसे पूछताछ की जाएगी और मामले की जांच आगे बढ़ाई जाएगी।
नागपुर कोर्ट से मिली ट्रांजिट रिमांड
नागपुर की अदालत ने उत्तर प्रदेश पुलिस को तीनों आरोपियों की ट्रांजिट रिमांड दे दी है। इसके बाद पुलिस उन्हें लेकर लखनऊ रवाना हो गई। वहां लखनऊ पुलिस आरोपियों से पूछताछ करेगी और हत्याकांड से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करेगी। इस मामले में यूपी एसटीएफ और लखनऊ पुलिस की टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। कई स्थानों पर छापेमारी के बाद तीनों को गिरफ्तार किया गया।
9 अक्टूबर को दर्ज हुआ था हत्या का मामला
शिवा शर्मा की हत्या के मामले में 9 अक्टूबर को लखनऊ के हजरतगंज थाने में केस दर्ज किया गया था। यह मुकदमा शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा की लिखित शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत दर्ज हुआ था। आरोपियों की तलाश के लिए लखनऊ पुलिस ने शुरुआत में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में इसे बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया गया। उनकी तलाश में सर्विलांस टीम, स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) और स्थानीय पुलिस की टीमें लगाई गई थीं।
बुर्का पहनकर पुलिस से बचने की कोशिश
उत्तर प्रदेश के एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि श्रद्धा दुबे गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार बुर्का पहन रही थीं। उनके मुताबिक, वह संचार के साधनों का कम इस्तेमाल करती थीं, लोगों से सीमित संपर्क रखती थीं और ऐसे होटलों में ठहरती थीं जहां निगरानी कम थी। एडीजी ने यह भी बताया कि पुलिस को श्रद्धा के नेपाल जाने की सूचना मिली थी। बाद में उनके वापस लौटने की जानकारी सामने आई। पुलिस का मानना है कि ऐसा करके वह जांच टीम को भ्रमित करने की कोशिश कर रही थीं।
शिवा शर्मा की मां ने पुलिस और मुख्यमंत्री का जताया आभार
शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा ने तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस, यूपी एसटीएफ, प्रशासन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह उनके बेटे के लिए न्याय की दिशा में पहला कदम है। ANI से बातचीत में रंजना शर्मा ने कहा कि अब मामला कानून की निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ेगा और उन्हें न्याय मिलने का भरोसा है। उन्होंने यह भी कहा कि कथित उत्पीड़न से जुड़े कुछ अन्य वीडियो भी लोगों के पास मौजूद हैं।फिलहाल तीनों आरोपियों को लखनऊ लाया जा रहा है। पुलिस उनसे पूछताछ के बाद मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करेगी।
यह भी पढ़ें: मोतिहारी में साईं बाबा मंदिर में चोरी से मचा हड़कंप, डॉग स्क्वाड की मदद से सुराग तलाश रही पुलिस