केरलम में Shashi Tharoor के काफिले पर हमला, गनमैन से भी की मारपीट, जांच में जुटी पुलिस
केरलम के मलप्पुरम ज़िले में कांग्रेस सांसद शशि थरूर (Shashi Tharoor) के काफिले से जुड़ी एक विवादित घटना सामने आई है। यह घटना वांडूर के चेल्लितोडु इलाके में शाम के समय हुआ, जब शशि थरूर चुनाव प्रचार के सिलसिले में A. P. Anil Kumar के समर्थन में वहां पहुंचे थे।
हमलावरों ने की मारपीट
रिपोर्ट के मुताबिक, बाइक और कार में आए कुछ लोगों ने पहले थरूर के काफिले का पीछा किया और फिर उनकी गाड़ी को जबरन रोक दिया। इस दौरान कथित तौर पर गाली-गलौज हुई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। जब मामला बढ़ा, तो थरूर के सुरक्षाकर्मी (गनमैन) ने हस्तक्षेप कर हालात संभालने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उसी के साथ मारपीट की।
पुलिस ने कही ये बात
पुलिस जांच में शुरुआती तौर पर यह बात सामने आई है कि ट्रैफिक में फंसे होने के दौरान गाड़ी के ड्राइवर द्वारा लगातार हॉर्न बजाने से कुछ लोग नाराज़ हो गए, जिसके बाद विवाद बढ़ा और झड़प की स्थिति बन गई। हालांकि, यह भी संदेह जताया जा रहा है कि कुछ लोग जानबूझकर टकराव की नीयत से आए थे।
पुलिस ने मुख्य आरोपी किया गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान उमर के रूप में हुई है। इसके अलावा दो अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है। जिन वाहनों का इस्तेमाल किया गया था, उन्हें भी जब्त कर लिया गया है। कुल पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। वहीं, इस घटना के पीछे किसी स्पष्ट राजनीतिक साज़िश या प्रतिद्वंद्विता की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
Written By Toshi Shah