टीएनपी न्यूज़
होम / मनोरंजन
मनोरंजन

शाहरुख खान को पहली मुलाकात में नाना ने मारा था हाथ पर थप्पड़, बोले- 'तू हीरो नहीं एक्टर है'

Shivashakti Narayan Singh · 8 अक्टूबर 2026
पहली मुलाकात में ही नाना ने शाहरुख को दे दी थी सीख

Nana Patekar Death: दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से पूरा फिल्म जगत गम में है। उनके साथ काम कर चुके तमाम सितारे उन्हें याद कर रहे हैं। अब सुपरस्टार शाहरुख खान ने भी नाना पाटेकर को भावुक श्रद्धांजलि दी है। शाहरुख ने नाना को अपना मेंटर, शिक्षक, आलोचक और दोस्त बताते हुए उनसे मिली सीख को याद किया।

शाहरुख और नाना पाटेकर ने 1992 में आई फिल्म 'राजू बन गया जेंटलमैन' में साथ काम किया था। यही वह दौर था जब शाहरुख फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे थे। नाना के साथ उनकी मुलाकात ने उन्हें ऐसी सीख दी, जिसे वह आज भी नहीं भूले हैं।

पहली मुलाकात में ही नाना ने शाहरुख को दे दी थी सीख

शाहरुख खान ने नाना पाटेकर के साथ अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए बताया कि वह उस वक्त नाना के सामने काफी असहज महसूस कर रहे थे। घबराहट में वह अपने बालों के साथ हाथ लगा रहे थे। शाहरुख के मुताबिक, नाना ने उनका हाथ हटाते हुए कहा था कि 'हीरो की तरह बाल मत बना... तू एक्टर है।' नाना की यह बात शाहरुख के लिए सिर्फ उस समय की डांट नहीं थी, बल्कि अभिनय को लेकर एक बड़ी सीख बन गई। शाहरुख ने बताया कि नाना हमेशा उन्हें यह समझाने की कोशिश करते थे कि अभिनेता बनने की पहचान सिर्फ स्टारडम से नहीं होती।

'वो वही कहते थे जो सुनना जरूरी होता था'

शाहरुख ने नाना को बेहद बेबाक और ईमानदार इंसान बताया। उनके मुताबिक, नाना कभी किसी को सिर्फ खुश करने के लिए बात नहीं करते थे। वह वही कहते थे, जो सामने वाले के लिए सुनना जरूरी होता था। शाहरुख ने नाना को अपना मेंटोर, टीचर, क्रिटिक और दोस्त बताते हुए कहा कि उनके साथ रिश्ता बेहद खास था। उन्होंने नाना के साथ कैरम खेलने की याद भी साझा की। शाहरुख के मुताबिक, नाना लगातार गेम जीतते थे और हर जीत का जमकर मजा लेते थे।

डांट के बीच छिपा होता था नाना का प्यार

शाहरुख ने नाना पाटेकर के प्यार जताने के अंदाज को भी याद किया। उन्होंने बताया कि नाना पहले सामने वाले को डांटते थे और कई बार खरी-खोटी भी सुनाते थे, लेकिन कुछ देर बाद एहसास होता था कि उसी डांट के पीछे उनका अपनापन छिपा है। शाहरुख ने कहा कि नाना उनसे बहुत प्यार करते थे और वह भी उन्हें उतना ही प्यार करते थे। उनकी श्रद्धांजलि में यह रिश्ता साफ नजर आया। शाहरुख ने लिखा कि काश उनके पास नाना के साथ और बातचीत करने, बहस करने, चाय पीने और कैरम खेलने का ज्यादा समय होता।

दोनों ने दो फिल्मों में किया था साथ काम

शाहरुख खान और नाना पाटेकर ने दो फिल्मों में साथ काम किया था। दोनों पहली बार 'राजू बन गया जेंटलमैन' (1992) में साथ नजर आए थे। इसके बाद दोनों 'शक्ति: द पावर' (2002) से भी जुड़े। हालांकि इस फिल्म में दोनों के बीच कोई सीधा स्क्रीन सीन नहीं था। नाना ने नरसिम्हा का किरदार निभाया था, जबकि शाहरुख ने जय सिंह के रूप में स्पेशल अपीयरेंस किया था। शाहरुख ने नाना की हंसी, उनका जुनून, उनका अलग अंदाज और उनका प्यार याद करते हुए कहा कि ये सारी चीजें हमेशा लोगों के बीच जिंदा रहेंगी।

'बहुत जल्दी चले गए मेरे हीरो एक्टर'

अपनी पोस्ट के आखिर में शाहरुख खान ने नाना को याद करते हुए लिखा कि उनके जाने से सिर्फ सिनेमा की दुनिया में ही नहीं, बल्कि लोगों के दिलों में भी एक खालीपन पैदा हुआ है। शाहरुख ने नाना को अपना 'Hero Actor' बताते हुए भावुक अंदाज में उन्हें अंतिम विदाई दी।