टीएनपी न्यूज़
होम / देश
देश

कैंटोनमेंट बोर्ड में बुजुर्गों के लिए बनेंगे डे केयर सेंटर, राजनाथ सिंह की मौजूदगी में हुआ MoU

Shailesh Yadav · 16 नवम्बर 2026
राजनाथ सिंह की मौजूदगी में हुआ MoU

नई दिल्ली: देशभर के कैंटोनमेंट बोर्ड (छावनी परिषदों) में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और बेहतर देखभाल के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार की मौजूदगी में रक्षा संपदा महानिदेशालय (DGDE) और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग (DoSJE) के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत कैंटोनमेंट बोर्ड में वरिष्ठ नागरिकों के लिए डे केयर सेंटर और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

यह समझौता अटल वयो अभ्युदय योजना (AVYAY) के तहत बुजुर्गों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए किया गया है। इसका उद्देश्य दोनों विभागों के बीच सहयोग और समन्वय स्थापित कर वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर देखभाल, सहायता और सम्मानजनक जीवन के अवसर उपलब्ध कराना है।

25 और 50 बेड वाले सीनियर सिटीजन होम को मिलेगी मदद
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के मुताबिक, इस साझेदारी के तहत कैंटोनमेंट बोर्ड के मौजूदा बुनियादी ढांचे और प्रशासनिक नेटवर्क का इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं, विभाग की ओर से योजनाओं के लिए वित्तीय सहायता और तकनीकी विशेषज्ञता उपलब्ध कराई जाएगी।

समझौते के तहत जरूरत और व्यवहार्यता के आधार पर 25 और 50 बेड की क्षमता वाले सीनियर सिटीजन होम के लिए भी आर्थिक सहायता दी जाएगी। इससे बुजुर्गों के लिए आवासीय देखभाल की सुविधाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

स्कूलों में छात्रों को दिलाई जाएगी शपथ
मंत्रालय के संयुक्त सचिव एन. सजेश कुमार ने कहा कि यह MoU वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए सरकार के विभिन्न विभागों के मिलकर काम करने का उदाहरण है। उन्होंने बताया कि कैंटोनमेंट बोर्ड के स्कूलों में विद्यार्थियों को अंतरपीढ़ी संबंधों और बुजुर्गों के सम्मान से जुड़ी शपथ दिलाई जाएगी।

इसके साथ ही युवाओं को प्रशिक्षित केयरगिवर के रूप में जोड़ने और बुजुर्गों के साथ संवाद व गतिविधियों को बढ़ावा देने की योजना है। इसका उद्देश्य नई और पुरानी पीढ़ी के बीच आपसी सम्मान, समझ और जुड़ाव को मजबूत करना है।

2036 तक 23 करोड़ हो सकती है बुजुर्गों की आबादी
मंत्रालय के अनुसार, भारत में 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोगों की आबादी 2011 में लगभग 10 करोड़ थी, जो 2036 तक बढ़कर करीब 23 करोड़ होने का अनुमान है। बदलती पारिवारिक संरचना और तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच बुजुर्गों के लिए घर के आसपास डे केयर सेंटर और प्रशिक्षित देखभालकर्ताओं की उपलब्धता जरूरी होती जा रही है।

इस साझेदारी के तहत कैंटोनमेंट बोर्ड में नए डे केयर सेंटर स्थापित किए जाएंगे। वहीं, पहले से संचालित केंद्रों को भी विभाग की ओर से आर्थिक और अन्य जरूरी सहायता देकर मजबूत किया जाएगा।

वयो सम्मान राष्ट्रीय अभियान से भी जुड़ेगी पहल
यह समझौता मंत्रालय की ओर से 4 नवंबर 2026 को शुरू किए गए 'वयो सम्मान राष्ट्रीय अभियान' की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अभियान का उद्देश्य विभिन्न पीढ़ियों के बीच आपसी जुड़ाव और बुजुर्गों के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सचिव सुधांश पंत, रक्षा संपदा महानिदेशक शोभा गुप्ता समेत दोनों मंत्रालयों और विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। 

और पढ़ें: देश में स्वास्थ्य पर सरकारी खर्च तीन गुना बढ़ा, इलाज के लिए जेब से पैसा खर्च करने का बोझ भी घटा