टीएनपी न्यूज़
होम / ज़रा हट के
ज़रा हट के

नदी बचाने निकले बिट्टू तबाही खुद पहुंचे अस्पताल! हाथों का इन्फेक्शन देख उड़ जाएंगे होश

Geeta Sharma · 18 नवम्बर 2026
नदी बचाने निकले बिट्टू तबाही खुद पहुंचे अस्पताल!

Trending viral News: सोशल मीडिया पर अपनी निस्वार्थ सेवा और नदी सफाई अभियान से रातोंरात पहचान बनाने वाले पर्यावरण कार्यकर्ता सुरेंद्र सिंह चौधरी, जिन्हें लोग प्यार से 'बिट्टू तबाही' के नाम से जानते हैं, इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। मध्य प्रदेश की अजनार नदी को साफ करने के लिए दिन-रात मेहनत करने वाले बिट्टू आज खुद गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। उनकी हालत देखकर सोशल मीडिया पर लोग भावुक हो रहे हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ मांग रहे हैं।

अस्पताल के बिस्तर से दिखाया दर्द

16 नवंबर को इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक भावुक वीडियो में बिट्टू अस्पताल या क्लिनिक के बिस्तर पर लेटे दिखाई दिए। इस दौरान उन्होंने अपने हाथों की हालत कैमरे पर दिखाई। उनके मुताबिक, गंदे पानी और कचरे के बीच बार-बार उतरकर नदी की सफाई करने की वजह से उनके हाथों में गंभीर इन्फेक्शन हो गया है।

      View this post on Instagram      

A post shared by Surendra Singh choudhry (@bittu__tabahii)

वीडियो में उन्होंने अजनार नदी की ताजा तस्वीरें भी दिखाईं। इन तस्वीरों में नदी में दोबारा बड़ी मात्रा में कचरा जमा दिखाई दे रहा है। बिट्टू ने दुख जताते हुए कहा कि वह नदी को साफ करने के लिए इतनी मेहनत और तकलीफ उठा रहे हैं, लेकिन कुछ लोग उनकी कोशिशों को समझने के बजाय फिर से नदी में कचरा डाल रहे हैं।

2,435 किलो कचरा साफ कर चुके हैं बिट्टू

बिट्टू की पहचान सितंबर में अजनार नदी की सफाई से जुड़े वीडियो वायरल होने के बाद बनी थी। उनके काम से प्रभावित होकर मशहूर डच संस्था 'द ओशन क्लीनअप' ने भी उन्हें नौकरी का ऑफर दिया था। इसके बाद उन्होंने बेंगलुरु के तुरहल्ली जंगल, दिल्ली की यमुना और गुरुग्राम के खेड़की दौला में भी सफाई अभियान चलाया। इन अभियानों के जरिए वह अब तक 2,435 किलो कचरा साफ कर चुके हैं।

सोशल मीडिया पर लोगों ने की मदद की अपील

बिट्टू की हालत सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके समर्थन में कमेंट्स की बाढ़ आ गई। लोगों ने उनके जल्द ठीक होने की कामना करने के साथ सरकार और प्रशासन से उनकी मदद करने की अपील की। कई यूजर्स ने कहा कि प्रशासन को उनके इलाज और सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था करनी चाहिए। साथ ही नदी में कचरा फेंकने वालों पर सख्त कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाना चाहिए। लोगों का कहना है कि बिट्टू जैसे लोगों का हौसला बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। आखिर नदी को साफ रखना सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे समाज का कर्तव्य है।

ये भी पढ़ें: क्या आपके बिस्तर के पास भी हैं ये 5 चीजें? आज ही हटा दें, वरना बढ़ सकती है बेचैनी!