देशभर में सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान 141 मजदूरों की मौत, DASAM ने उठाए सुरक्षा और जवाबदेही पर सवाल
नई दिल्ली: देशभर में सीवर, सेप्टिक टैंक, मैनहोल और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) में काम करने वाले मजदूरों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दलित आदिवासी शक्ति अधिकार मंच (DASAM) की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, फरवरी से नवंबर 2026 के बीच देश के अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में खतरनाक सफाई कार्यों और सीमित स्थानों में काम करने के दौरान कुल 141 मजदूरों की मौत दर्ज की गई है। संगठन ने इन घटनाओं को गंभीर सामाजिक और संस्थागत विफलता बताते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की है।
DASAM का कहना है कि इन मौतों के पीछे केवल कार्यस्थल पर सुरक्षा की कमी नहीं, बल्कि जाति आधारित व्यावसायिक भेदभाव, ठेकेदारी व्यवस्था में शोषण, श्रमिकों के अधिकारों की अनदेखी और कानूनों के कमजोर क्रियान्वयन जैसे गंभीर कारण हैं।
जुलाई में सबसे ज्यादा 28 मजदूरों की मौत
DASAM की ओर से फरवरी से नवंबर 2026 तक जुटाए गए आंकड़ों के विश्लेषण में जुलाई सबसे घातक महीना रहा। इस दौरान 28 मजदूरों की मौत दर्ज की गई। इसके बाद जून में 20, मई में 19 और मार्च में 18 मौतें सामने आईं। इन चार महीनों में कुल 85 मजदूरों की जान गई।
रिपोर्ट के अनुसार, मजदूरों की मौत सीवर, सेप्टिक टैंक, ड्रेनेज चैंबर, औद्योगिक टैंक, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और अन्य भूमिगत संरचनाओं में काम करने के दौरान हुई। कई मामलों में जहरीली गैसों और ऑक्सीजन की कमी को मौत की वजह बताया गया है।
कई राज्यों में सामने आए दर्दनाक हादसे
DASAM की रिपोर्ट में महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, दिल्ली, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, असम, मेघालय, कर्नाटक और अन्य राज्यों में हुई घटनाओं का जिक्र है।
उत्तर प्रदेश में लखनऊ, कानपुर, नोएडा और प्रयागराज समेत कई स्थानों पर सफाई और टैंक से जुड़े कार्यों के दौरान मजदूरों की मौत दर्ज की गई। वहीं दिल्ली के सीमापुरी, न्यू अशोक नगर और मुंडका औद्योगिक क्षेत्र में भी ऐसे हादसे सामने आए।
रिपोर्ट में 26 जून को दिल्ली के मुंडका औद्योगिक क्षेत्र में हुई घटना का विशेष उल्लेख किया गया है। यहां एक फैक्ट्री के सेप्टिक टैंक में सफाई कार्य के दौरान तीन मजदूरों की मौत हो गई थी। DASAM के मुताबिक, मजदूरों के परिजनों ने आरोप लगाया था कि उन्हें पर्याप्त सुरक्षा उपकरण, ऑक्सीजन सप्लाई और गैस की जांच करने वाले उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे।
इसी तरह जुलाई में शिलॉन्ग के लापालांग इलाके में भूमिगत पानी की टंकी में काम करने के दौरान पांच मजदूरों की मौत हुई। संगठन की रिपोर्ट में बताया गया है कि टंकी के भीतर डीजल जनरेटर और पंप का इस्तेमाल किया गया था, जिससे जहरीले धुएं और ऑक्सीजन की कमी का खतरा पैदा हुआ।
नवंबर में भी ऐसे हादसे जारी रहे। मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक होटल के भूमिगत खाद्य अपशिष्ट चैंबर की सफाई के दौरान चार कर्मचारियों की मौत हुई। वहीं तमिलनाडु में ट्रीटमेंट प्लांट और वेस्टवाटर टैंक से जुड़े कार्यों के दौरान कई संविदा श्रमिकों की जान गई। 24 नवंबर को हैदराबाद के बचुपल्ली स्थित एक आवासीय परिसर में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान तीन संविदा सफाईकर्मियों की मौत दर्ज की गई।
एक मजदूर को बचाने के प्रयास में दूसरे भी गंवा रहे जान
रिपोर्ट में कई ऐसे हादसों का उल्लेख है, जहां टैंक या सीवर में काम करने के दौरान एक मजदूर के बेहोश होने पर उसे बचाने के लिए दूसरा मजदूर अंदर चला गया। पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और बचाव व्यवस्था नहीं होने के कारण बचाव के प्रयास में एक के बाद एक कई लोगों की मौत हो गई।
इंदौर, रायपुर, असम के गोलपारा, मेघालय, तमिलनाडु और उज्जैन की घटनाएं इसका उदाहरण हैं। DASAM का कहना है कि यह स्थिति बताती है कि कार्यस्थलों पर प्रशिक्षित बचाव दल, गैस डिटेक्टर, ऑक्सीजन मॉनिटरिंग और सुरक्षित रेस्क्यू सिस्टम की भारी कमी है।
सफाई से जुड़ी मौतों को दूसरे हादसों के रूप में दर्ज करने पर चिंता
DASAM ने रिपोर्ट में एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाते हुए कहा है कि कई बार सेप्टिक टैंक, सीवेज टैंक और ड्रेनेज चैंबर में काम करने के दौरान होने वाली मौतों को निर्माण कार्य, औद्योगिक दुर्घटना या जहरीली गैस से हुई सामान्य मौत के रूप में दर्ज कर दिया जाता है।
संगठन के मुताबिक, किसी मजदूर को निर्माण श्रमिक या औद्योगिक कर्मचारी बताने से उसके वास्तविक काम की प्रकृति नहीं बदल जाती। यदि उससे सेप्टिक टैंक में उतरकर शटरिंग, मलबा या गाद हटाने का काम कराया गया है, तो जांच में इस बात को प्राथमिकता मिलनी चाहिए कि उसे वास्तव में कौन-सा काम सौंपा गया था।
DASAM ने मांग की है कि देशभर में एक समान वर्गीकरण व्यवस्था लागू हो, जिससे सफाई कार्यों से संबंधित मौतों को आंकड़ों से बाहर न किया जा सके।
जाति आधारित भेदभाव और ठेकेदारी व्यवस्था पर उठाए सवाल
संगठन का कहना है कि भारत में मैनुअल स्कैवेंजिंग और खतरनाक सफाई कार्य ऐतिहासिक रूप से जाति आधारित व्यावसायिक भेदभाव से जुड़े रहे हैं। दलित समुदायों के लोगों को लंबे समय से ऐसे जोखिमपूर्ण कार्यों में धकेला जाता रहा है। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर और प्रवासी मजदूर भी ठेकेदारों के माध्यम से इन कामों में लगाए जाते हैं।
DASAM के अनुसार, कई श्रमिकों को लिखित अनुबंध, उचित प्रशिक्षण, बीमा, सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं होती हैं। ठेकेदारी और उपठेकेदारी की व्यवस्था में जिम्मेदारी तय करना भी मुश्किल हो जाता है।
संगठन ने स्पष्ट किया कि किसी काम को आउटसोर्स करने से मुख्य नियोक्ता, ठेकेदार या संबंधित संस्थान अपनी कानूनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते।
हर मौत पर 30 लाख रुपये मुआवजे की मांग
DASAM ने सीवर और सेप्टिक टैंक में काम के दौरान जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिवारों को न्यूनतम 30 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग दोहराई है। संगठन ने कहा कि मुआवजे के साथ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की भी व्यवस्था होनी चाहिए।
इसमें पात्र आश्रितों को सरकारी रोजगार, पेंशन, आवास, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, आजीविका सहायता और सामाजिक सुरक्षा शामिल हैं।
संगठन का कहना है कि किसी मजदूर की मौत के बाद उसके परिवार को आर्थिक संकट में नहीं छोड़ा जाना चाहिए। प्रशासन को समय पर मुआवजा और कानूनी सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।
मैनुअल स्कैवेंजिंग कानून 2013 लागू करने की मांग
DASAM ने मैनुअल स्कैवेंजिंग से जुड़े कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी सवाल उठाए हैं। संगठन ने कहा कि Prohibition of Employment as Manual Scavengers and their Rehabilitation Act, 2013 के बावजूद देश में खतरनाक सफाई कार्य जारी हैं।
रिपोर्ट में संविधान के अनुच्छेद 14, 17, 21 और 23 का भी उल्लेख किया गया है। संगठन के मुताबिक, इन घटनाओं में समानता, गरिमा, जीवन के अधिकार और जबरन श्रम के खिलाफ संवैधानिक प्रावधानों से जुड़े सवाल उठते हैं।
DASAM ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) और राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग (NCSK) से भी सक्रिय भूमिका निभाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि केवल हादसों के बाद नोटिस जारी करना पर्याप्त नहीं है। आयोगों को प्रभावित परिवारों से मिलकर जांच, मुआवजे और पुनर्वास की निगरानी करनी चाहिए।
सरकार से 14 सूत्रीय कार्रवाई की मांग
DASAM ने केंद्र सरकार, राज्य सरकारों और संबंधित प्रशासनिक संस्थाओं के सामने 14 सूत्रीय मांगें रखी हैं। इनमें सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई का मशीनीकरण, खतरनाक मैनुअल एंट्री पर रोक, हर हादसे की स्वतंत्र और समयबद्ध जांच, ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तथा राष्ट्रीय स्तर पर मौतों और घायलों का डेटाबेस तैयार करना शामिल है।
संगठन ने यह भी मांग की है कि किसी भी सीमित स्थान में मजदूर को प्रवेश देने से पहले जोखिम का आकलन, ऑक्सीजन और जहरीली गैसों की जांच, उपयुक्त सुरक्षा उपकरण और प्रशिक्षित बचाव दल की व्यवस्था अनिवार्य हो।
DASAM के मुताबिक, देशभर में सीवर और सेप्टिक टैंक से जुड़े खतरनाक कामों को समाप्त करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों को मिलकर व्यापक राष्ट्रीय रणनीति बनानी चाहिए।
141 मौतों का यह आंकड़ा देश में सफाई और सीवेज से जुड़े कामों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। DASAM ने सरकार से मांग की है कि इन घटनाओं को महज हादसा मानकर नजरअंदाज न किया जाए, बल्कि जिम्मेदार संस्थानों की जवाबदेही तय कर मजदूरों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकार सुनिश्चित किए जाएं।
यह भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर की बदली तस्वीर! 3 साल में 7.8 करोड़ पर्यटक पहुंचे, राजनाथ सिंह बोले- अब मिल रहा क्षेत्र को उसका हक
यह भी पढ़ें: राजस्थान पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस का दबदबा, बीजेपी को बड़ा झटका; 419 में से सिर्फ 105 सीटों पर मिली जीत