साकेत बिल्डिंग हादसा: 71 साल के मालिक को कोर्ट से राहत, 8 हफ्ते बढ़ी अंतरिम जमानत
Saket Building Collapse: दिल्ली के साकेत इलाके में मई 2026 में हुए बिल्डिंग हादसे के आरोपी और इमारत के मालिक को अदालत से फिलहाल राहत मिल गई है। साकेत जिला अदालत ने 71 वर्षीय करमवीर सिंह की अंतरिम जमानत आठ सप्ताह के लिए बढ़ा दी है। अदालत ने यह फैसला उनकी उम्र और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सुनाया।
इस हादसे में छह लोगों की मौत हुई थी, जबकि कई अन्य घायल हो गए थे। मामले में दिल्ली पुलिस तीन आरोपियों के खिलाफ पहले ही चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। अदालत ने आरोपी की जमानत की अवधि 16 जनवरी 2027 तक बढ़ाई है। इस दौरान उन्हें पहले से लागू शर्तों का पालन करना होगा।
मेडिकल रिपोर्ट और उम्र को देखते हुए कोर्ट का फैसला
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश पवन कुमार ने 14 नवंबर को दिए आदेश में कहा कि आरोपी की उम्र 71 वर्ष है और वह कई बीमारियों से पीड़ित हैं। उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें फिलहाल हिरासत में भेजना उचित नहीं होगा। इसी आधार पर अदालत ने उनकी अंतरिम जमानत आठ सप्ताह के लिए बढ़ा दी।
इससे पहले 16 अक्टूबर 2026 को भी करमवीर सिंह को मेडिकल आधार पर अंतरिम जमानत मिली थी। इसके बाद उन्होंने अपनी उम्र और लगातार बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति का हवाला देते हुए जमानत की अवधि बढ़ाने के लिए अदालत का रुख किया था।
अस्पताल में भर्ती हैं आरोपी, ICU में चल रहा इलाज
आरोपी की ओर से पेश अधिवक्ता राजीव मोहन और चांदवीर श्योराण ने अदालत को बताया कि करमवीर सिंह को सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, सिरदर्द, कमर दर्द और पेशाब से जुड़ी समस्याओं के कारण वेंकटेश्वर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह 30 अक्टूबर तक अस्पताल में रहे। वकीलों के मुताबिक, 4 नवंबर को उनकी ब्रोंकोस्कोपी के साथ लिम्फ नोड्स की जांच के लिए EBUS प्रक्रिया की गई थी। लिम्फ नोड्स की रिपोर्ट का इंतजार है और AFB कल्चर की रिपोर्ट करीब छह सप्ताह बाद मिलने की बात कही गई थी।
बिल्डिंग हादसे में छह लोगों की हुई थी मौत
यह मामला 30 मई 2026 को दक्षिण दिल्ली के सैद-उल-अजायब गांव में हुई इमारत ढहने की घटना से जुड़ा है। दिल्ली पुलिस की FIR के मुताबिक, हादसे वाली इमारत साकेत मेट्रो स्टेशन के पास गली नंबर पांच में स्थित थी। दिल्ली पुलिस ने 13 अगस्त को इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। इनमें इमारत के मालिक करमवीर सिंह और बिल्डर मनीष खत्री व अविनाश गुप्ता शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार किया था।
किन धाराओं में दाखिल हुई है चार्जशीट?
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत गैर-इरादतन हत्या, धारा 290 के तहत इमारत को गिराने, मरम्मत या निर्माण के दौरान लापरवाही और धारा 125 (A) व 125 (B) के तहत लापरवाही से चोट और गंभीर चोट पहुंचाने के आरोप लगाए हैं। इसके साथ ही धारा 3(5) के तहत साझा मंशा से जुड़ा आरोप भी शामिल है।