टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

सहारनपुर में पुलिस का गजब कारनामा, सुप्रीम कोर्ट के जज की जगह ओवैसी को दे दी सलामी

Shivashakti Narayan Singh · 21 नवम्बर 2026
सहारनपुर में पुलिस का गजब कारनामा

Saharanpur Police Mistake: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस की एक ऐसी चूक सामने आई है, जिसने वीआईपी प्रोटोकॉल की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां सर्किट हाउस में सुप्रीम कोर्ट के एक न्यायाधीश के आगमन पर गार्ड ऑफ ऑनर देने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। लेकिन न्यायाधीश के पहुंचने से पहले वहां आए एआईएमआईएम प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी को ही पुलिसकर्मियों ने सलामी दे दी।

यह घटना शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, ओवैसी अपने काफिले के साथ सर्किट हाउस पहुंचे थे। जैसे ही वह गाड़ी से उतरकर अंदर जाने लगे, वहां पहले से तैनात पुलिसकर्मी सतर्क हो गए और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया। पुलिसकर्मियों से सलामी लेने के बाद ओवैसी नगीना से सांसद चंद्रशेखर के साथ सर्किट हाउस के अंदर चले गए।

जज के स्वागत के लिए तैनात थी पुलिस, ओवैसी को दे दी सलामी

बताया जा रहा है कि शनिवार को सर्किट हाउस में सुप्रीम कोर्ट के एक जज का कार्यक्रम निर्धारित था। उनके आगमन पर गार्ड ऑफ ऑनर देने के लिए पुलिसकर्मियों को पहले से तैनात किया गया था। इसी बीच ओवैसी अपने काफिले के साथ वहां पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने उनकी पहचान और निर्धारित कार्यक्रम का मिलान किए बिना उन्हें ही सलामी दे दी। जब पुलिसकर्मियों को अपनी गलती का एहसास हुआ तो वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, पुलिस की ओर से इस मामले में किसी आधिकारिक कार्रवाई या स्पष्टीकरण की जानकारी सामने नहीं आई है।

प्रोटोकॉल को लेकर उठे सवाल

इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि गार्ड ऑफ ऑनर देने से पहले संबंधित व्यक्ति की पहचान और कार्यक्रम की पुष्टि क्यों नहीं की गई। जब पुलिसकर्मियों की तैनाती किसी विशेष अतिथि के स्वागत के लिए की गई थी, तो फिर दूसरे व्यक्ति को सलामी कैसे दे दी गई? मामले ने पुलिस की तैयारियों, आपसी तालमेल और वीआईपी प्रोटोकॉल के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि अधिकारी इस चूक को लेकर क्या कदम उठाते हैं।

ओवैसी और चंद्रशेखर की प्रेस कॉन्फ्रेंस भी हुई रद्द

सर्किट हाउस में शनिवार को असदुद्दीन ओवैसी और नगीना सांसद चंद्रशेखर की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस प्रस्तावित थी। दोनों नेता वहां पहुंच चुके थे और एक कमरे में बैठकर बातचीत भी कर रहे थे। हालांकि, बाद में अचानक प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द कर दी गई। इसके बाद दोनों नेता जिलाधिकारी से मुलाकात करने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने ज्ञापन सौंपकर मस्जिद के ध्वस्तीकरण से जुड़े मामले में उच्चस्तरीय जांच कराने और जारी नोटिसों पर कार्रवाई रोकने की मांग की।

 

यह भी पढ़ें: 'नीतीश सेतु' पर तेजस्वी यादव ने BJP को घेरा, कहा- 'क्रेडिट लेने आ रहे PM मोदी?'