भारतीय ओपनर ने दिया BCCI को झटका, 30 साल की उम्र में लिया संन्यास
Sabbhineni Meghana: भारतीय टीम की स्टार बल्लेबाज सब्भिनेनी मेघना ने 30 साल की उम्र में पेशेवर क्रिकेट से रिटायरमेंट लेकर क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी है। मेघना को पिछले चार साल से टीम इंडिया में खेलने का मौका नहीं मिला था और आखिरी बार उन्होंने 18 फरवरी 2022 को न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ भारतीय जर्सी पहनी थी। इसके बाद उनको टीम से ड्रॉप कर दिया था। बता दें कि, मेघना भारत के अलावा महिला प्रीमियर लीग में भी अपनी बल्लेबाजी का जादू बिखेर चुकी हैं।
सोशल मीडिया पर शेयर किया भावुक पोस्ट
एस मेघना ने सोशल मीडिया मंच के जरिए अपने रिटायरमेंट की घोषणा की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, "एक खिलाड़ी के तौर पर क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट का ऐलान करते हुए, मेरा दिल शुक्रगुजार है। मैदान मेरा दूसरा घर रहा है, जिसने मुझे हिम्मत, विनम्रता सिखाई और ऐसी यादें और दोस्ती दी जिन्हें मैं ज़िंदगी भर संभालकर रखूंगी।"
View this post on InstagramA post shared by Meghana Sabbineni (@meghanasabbineni22)
मेघना भारत की सलामी बल्लेबाज थीं और उन्होंने अपनी आखिरी वनडे पारी में 41 गेंदों पर तूफानी 61 रन बनाए थे।
क्रिकेट से मेरा रिश्ता कभी नहीं टूटेगा- मेघना
भले ही मेघना ने पेशेवर क्रिकेट से संन्यास ले लिया है लेकिन उन्होंने भविष्य में भी क्रिकेट से जुड़े रहने की बात कही है। उन्होंने लिखा,
"भले ही मेरे क्रिकेट के दिन खत्म हो जाएं, लेकिन क्रिकेट के साथ मेरा रिश्ता कभी नहीं टूटेगा। मैं हमेशा खेल से गहराई से जुड़ी रहूंगी और अपनी जिंदगी इस खेल को कुछ वापस देने, अगली पीढ़ी को गाइड करने और उस खेल की सेवा करने में लगाना चाहती हूं जिसने मुझे सब कुछ दिया।"
2016 में किया था इंटरनेशनल डेब्यू
आंध्र प्रदेश की क्रिकेटर ने नवंबर 2016 में विजयवाड़ा में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मैच में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया, जिसमें उन्होंने 16 गेंदों पर 17 रन बनाए और 31 रन से हार का सामना करना पड़ा। उनका वनडे डेब्यू फरवरी 2022 में क्वीन्सटाउन में न्यूजीलैंड के खिलाफ हुआ, जहां उन्होंने 14 गेंदों पर चार रन बनाए।
इसके बाद उन्होंने सीरीज के अगले दो मैचों में भी प्रभावित किया, जिसमें उन्होंने 50 गेंदों पर 49 और 41 गेंदों पर 61 रन बनाए। वे तीन मैच वनडे फॉर्मेट में उनके एकमात्र मैच रहे, जिसमें उन्होंने 114 रन बनाए।
छोटे करियर में किया प्रभावित
सब्भिनेनी मेघना का इंटरनेशनल करियर काफी छोटा था। उन्होंने 17 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 102.78 के स्ट्राइक रेट से 258 रन बनाए थे, जिसमें एक अर्धशतकीय पारी शामिल थी। इसके अलावा उन्होंने 3 वनडे में 108.57 के स्ट्राइक रेट से 114 रन बनाए, जिसमें 1 हाफ सेंचुरी निकली।
इसके अलावा महिला प्रीमियर लीग में मेघना ने तीन सीजन खेले, जिसमें उन्होंने गुजरात जायंट्स को रिप्रेजेंट किया, फिर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) में शामिल हुईं, जहां उन्होंने दो सीजन बिताए। वह 2024 में WPL टाइटल जीतने वाली RCB टीम का हिस्सा थीं।
ये भी पढ़ें- पहले पर हैरी ब्रूक, तीसरे पर ईशान किशन, वनडे क्रिकेट में सबसे तेज डबल सेंचुरी बनाने वाले 5 बल्लेबाज