रिलीज से पांच दिन पहले टली रश्मिका मंदाना की फिल्म 'Mysaa', मेकर्स बोले- बेहतर वर्जन के लिए लिया फैसला
Mysaa Release Date: रश्मिका मंदाना की आने वाली एक्शन फिल्म 'Mysaa' के दर्शकों को अब इसके लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा। फिल्म की रिलीज से ठीक पांच दिन पहले मेकर्स ने इसकी थिएटर रिलीज टालने का ऐलान कर दिया है। फिल्म पहले 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में आने वाली थी, लेकिन अब इस तारीख पर रिलीज नहीं होगी। नई रिलीज डेट को लेकर फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी गई है।
फिल्म के प्रोडक्शन हाउस UnFormula Films ने रविवार को सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा की। मेकर्स का कहना है कि वे फिल्म को बिना किसी तकनीकी समझौते के दर्शकों के सामने लाना चाहते हैं। इसी वजह से रिलीज आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
बेहतर तकनीकी अनुभव देने की तैयारी
UnFormula Films ने अपने बयान में बताया कि तेलुगु सिनेमा में लगातार बड़े स्तर की फिल्में बन रही हैं और तकनीकी गुणवत्ता को लेकर दर्शकों की उम्मीदें भी बढ़ी हैं। 'Mysaa' को भी इसी स्तर का एक अलग तरह का एक्शन प्रोजेक्ट बनाने की कोशिश की जा रही है।
प्रोडक्शन हाउस के मुताबिक, फिल्म को बड़े पर्दे पर प्रभावशाली अनुभव देने के लिए कुछ और काम की जरूरत है। इसलिए टीम ने मिलकर इसकी 27 नवंबर की रिलीज को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। मेकर्स ने दर्शकों से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा है कि नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी और इंतजार बहुत लंबा नहीं होगा।
फिल्म में गोंड आदिवासी महिला के किरदार में हैं रश्मिका
'Mysaa' में रश्मिका मंदाना पहले से अलग अंदाज में नजर आने वाली हैं। फिल्म में वह गोंड आदिवासी महिला का किरदार निभा रही हैं। इसकी कहानी आदिवासी इलाकों की पृष्ठभूमि पर आधारित एक्शन ड्रामा है। इस साल रिलीज हुए फिल्म के टीजर में रश्मिका को कई एक्शन दृश्यों में दिखाया गया था। इनमें बाइक चलाने और पानी के भीतर फिल्माए गए सीन भी शामिल थे। इस भूमिका के लिए अभिनेत्री ने खास शारीरिक प्रशिक्षण भी लिया है। फिल्म की एक और खास बात इसकी कहानी है। कई चर्चित एक्शन फिल्मों में मां-बेटे के रिश्ते को केंद्र में रखा गया है, लेकिन 'Mysaa' में पिता और बेटी के रिश्ते को कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया है। इसी के साथ फिल्म में एक्शन और ड्रामा भी देखने को मिलेगा।
फिल्म में कई जाने-माने कलाकार आएंगे नजर
रवींद्र पुल्ले के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रश्मिका के अलावा ईश्वरी राव, गुरु सोमसुंदरम, राव रमेश, राहुल रविंद्रन, समुथिरकानी, शिवा कंदुकुरी, कार्तिक रंजिनी, तारक पोनप्पा और निधि सिंह भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी श्रेयास के. कृष्णा ने की है, जबकि संगीत जैक्स बेजॉय ने तैयार किया है। इसके एक्शन दृश्यों पर अंतरराष्ट्रीय एक्शन कोरियोग्राफर एंडी लॉन्ग ने काम किया है। फिलहाल फिल्म की नई रिलीज डेट का इंतजार है। मेकर्स ने भरोसा दिलाया है कि दर्शकों को इसके लिए ज्यादा समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें: सारा तेंदुलकर बनेंगी सनी देओल की बहू, 2027 में राजवीर देओल संग लेंगी सात फेरे!