रामपुर CRPF कैंप हमले के दोषी मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या, 8 जवानों की गई थी जान
Rampur News: उत्तर प्रदेश के रामपुर से बड़ी खबर सामने आई है। CRPF कैंप पर हुए हमले के दोषी मोहम्मद शरीफ की मंगलवार को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात रामपुर के पनवड़िया खजूरिया इलाके में हुई। गोली लगने के बाद मोहम्मद शरीफ को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
दो अज्ञात बदमाशों ने मारी गोली
रामपुर के एडिशनल एसपी अनुराग सिंह ने वारदात की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक, पनवड़िया खजूरिया में दो अज्ञात बदमाशों ने मोहम्मद शरीफ पर फायरिंग की। घटना के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है।
CRPF कैंप हमले में गई थी 8 जवानों की जान
मोहम्मद शरीफ को रामपुर स्थित CRPF कैंप पर हुए हमले के मामले में दोषी ठहराया गया था। इस हमले में CRPF के आठ जवानों की मौत हुई थी। मामले में दोषी पाए जाने के बाद मोहम्मद शरीफ ने सात साल की सजा काटी थी। इसके बाद वह जमानत पर जेल से बाहर आया था।
पुलिस खंगाल रही हमले के पीछे की वजह
मोहम्मद शरीफ की हत्या के बाद पुलिस वारदात के पीछे की वजह तलाश रही है। दो अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना क्यों बनाया और क्या इस हत्या का उसके पुराने मामले से कोई संबंध है, इन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
और पढ़ें: बिहार में सम्राट चौधरी का बड़ा एक्शन, एक साथ 15 अफसर-कर्मचारी सस्पेंड; 'सहयोग' कार्यक्रम में लापरवाही पर गिरी गाज