हिमालय की ऊंची पहाड़ियों को चीरकर दौड़ेगी वंदे भारत! दुर्गम रास्तों में इंजीनियरिंग का अद्भुत करिश्मा
vande bharat express: देश में भारतीय रेलवे अपनी नई-नई परियोजनाओं के जरिए हर दिन रेल से सफर करने वाले लोगों की यात्रा को सुगम बना रहा है। देश में वंदे भारत एक्सप्रेस के जरिए आज हर जगह पहुंचना आसान है।
इसी के तहत उत्तराखंड के ऋषिकेश-कर्णप्रयाग में रेल परियोजना को लेकर भारतीय रेलवे ने बड़ी सफलता हासिल की है। इन परियोजना के तहत रुद्रप्रयाग में 6.59 कि.मी लंबी सुरंग-14 की मुख्य खुदाई पूरी कर ली गई है।
सुरंग की कैसे की गई खुदाई
सुरंग के दोनों छोर से खोदे गए हिस्सों को अगले पड़ाव से जोड़ा गया है। रेल मंत्रालय की माने तो यह परियोजना एक बड़ी उपलब्धि है। इस सुरंग का काम पूरा होने के बाद पहाड़ी क्षेत्र में रेल संपर्क विकसित करने की दिशा में एक और अहम पड़ाव पार हो गया है।
रेल मंत्रालय की तरफ से दी गई जानकारी की माने तो सुरंग-14 की खुदाई 2 अलग-अलग छोरों से की जा रही थी। इसमें पोर्टल-1 (सुमेरपुर) की ओर से 4.7 कि.मी और पोर्टल-2 (मरोड़ा) की ओर से 1.79 कि.मी हिस्से की खुदाई हो चुकी है। दोनों हिस्सों के जुड़ने के साथ ही 6.59 कि.मी लंबी मुख्य सुरंग में ब्रेकथ्रू हासिल कर लिया गया।
कई चुनौतियां आई सामने
सुरंग की खुदाई करते समय इंजीनियरों और निर्माण एजेंसियों को कई तरह की परेशानियां आई। तकनीकी और भूगर्भीय चुनौतियां खुदाई में रुकावट बनकर खड़ी थी। पोर्टल-1 की तरफ सुरंग के 110 मीटर लंबे हिस्से की खुदाई आबादी वाले क्षेत्र के नीचे ढीली मिट्टी में की गई। इस जगह जमीन के ऊपर 20 से 30 मीटर तक मिट्टी और चट्टान की परत मौजूद थी। जिसे हटाना जरुरी था।
ऐसे में आस-पास के मकानों और बस्तियों की सुरक्षा को भी ध्यान में रखना था। इस चुनौती से निपटने के लिए खुदाई से पहले विशेष तकनीक को अपनाया गया। इनमें प्री-एक्सकैवेशन और मल्टी-ड्रिफ्टिंग तकनीक शामिल थीं। इनके जरिये जमीन की स्थिरता को बनाए रखा गया। साथ ही सुरक्षित तरीके से सुरंग का निर्माण किया गया।
आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल
पोर्टल-2 की ओर मरोड़ा में ढलान को स्थिर करना भी काफी बड़ी चुनौती रहा। इसके लिए 30 से 35 मीटर गहराई तक माइक्रोपाइल लगाए गए। 15 से 20 मीटर लंबे रॉक बोल्ट और कंसोलिडेशन ग्राउटिंग का इस्तेमाल हुआ। जमीन धंसने की समस्या को ध्यान में रखा गया। जिसके समाधान के साथ भूमि और मकानों के अधिग्रहण से जुड़े मुद्दे सुलझाए जाने के बाद मार्च 2024 में मुख्य सुरंग की खुदाई शुरू हो सकी।
पोर्टल-2 की तरफ तकरीब 100 मीटर हिस्से में मशीनों से खुदाई की गई। दोनों पोर्टल के आस-पास नियंत्रित विस्फोट तकनीक का इस्तेमाल किया गया। स्थानीय आबादी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ब्लास्टिंग केवल दिन के समय ही की गई।
सुरंग में हवा,तापमान का रखा गया ध्यान
पोर्टल-1 की तरफ से 4.7 कि.मी खुदाई अभियान के दौरान सुरंग के अंदर ताजी हवा और तापमान का ध्यान रखा गया है। इसके साथ-साथ वेंटिलेशन सिस्टम का भी ध्यान रखा गया है। इसे बनाने के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया। जिससे उन्हें सुरक्षित वातावरण मिले। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से सीधे जोड़ना है।
इस परियोजना के पूरा होने से उत्तराखंड में आने वाले तीर्थ यात्रियों के साथ-साथ पर्यटकों को आने-जाने में आसानी होगी। इसके साथ ही राज्य के महत्वपूर्ण व बड़े धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच रेल के माध्यम से बेहद आसान हो जाएगा। बेहतर रेल परिवहन के जरिए क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों, व्यापार और स्थानीय विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।