राहुल गांधी का गिग वर्कर्स को तोहफा, मोबाइल पर दिखेगी कमाई; बनेंगे Wi-Fi रेस्ट जोन
हैदराबाद: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को तेलंगाना में गिग वर्कर्स के लिए सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर स्कीम की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि 21वीं सदी डेटा की सदी है, लेकिन भारत में अब तक गिग वर्कर्स को अपने ही काम का डेटा देखने का अधिकार नहीं मिल पा रहा था। नई योजना के तहत अब वे अपने काम, पूरी की गई राइड और मिलने वाले भुगतान का पूरा ब्योरा मोबाइल फोन पर देख सकेंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि आज गूगल, फेसबुक, व्हाट्सऐप और उबर जैसी बड़ी कंपनियां डेटा के दम पर काम कर रही हैं। देशभर में डेटा सेंटर बनाए जा रहे हैं और हर क्षेत्र में डेटा की अहमियत बढ़ रही है। इसके बावजूद गिग वर्कर्स अपने काम से जुड़ी जानकारी हासिल नहीं कर पा रहे थे।
उन्होंने कहा कि तेलंगाना सरकार का नया कानून गिग वर्कर्स को अपने डेटा तक पहुंचने का अधिकार देगा। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि उन्होंने कितना काम किया, कितनी राइड पूरी कीं और उसके बदले कितने पैसे मिले, इसकी जानकारी उनके मोबाइल पर उपलब्ध हो।
धूप में काम करने वाले डिलीवरी पार्टनर्स को मिलेंगे Wi-Fi रेस्ट जोन
राहुल गांधी ने गिग वर्कर्स की दूसरी बड़ी समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि डिलीवरी पार्टनर्स और अन्य कर्मचारी दिनभर शहरों में धूप के बीच काम करते हैं। लंबी दूरी तय करने और सामान पहुंचाने के दौरान उनके पास आराम करने के लिए कोई निर्धारित जगह नहीं होती।
उन्होंने बताया कि तेलंगाना सरकार हैदराबाद समेत राज्य के सभी शहरों में Wi-Fi से लैस रेस्ट जोन बनाएगी। इन जगहों पर गिग वर्कर्स अपने वाहन पार्क कर सकेंगे और बैठकर आराम करने के साथ जरूरत पड़ने पर सो भी सकेंगे।
गिग वर्कर्स से किया वादा पूरा करने का दावा
राहुल गांधी ने कहा कि इससे पहले तेलंगाना के गिग वर्कर्स ने उनसे मुलाकात कर अपनी परेशानियां और मांगें साझा की थीं। उस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी, मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं की ओर से उनकी समस्याओं के समाधान और सुरक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाने का भरोसा दिया था।
उन्होंने कहा कि आज इस योजना की शुरुआत के साथ सरकार अपना वही वादा पूरा कर रही है। गिग वर्कर्स को उनके काम के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा और सुविधाएं देने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।
गिग वर्कर्स की बाइक रैली में भी शामिल हुए राहुल गांधी
योजना के लॉन्च से पहले राहुल गांधी हैदराबाद में गिग वर्कर्स की ओर से आयोजित बाइक रैली में शामिल हुए। इस दौरान वह एक गिग वर्कर के स्कूटर पर पीछे बैठकर रैली में शामिल हुए। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी इस रैली में मौजूद रहे।
और पढ़ें: गोधरा ट्रेन अग्निकांड: पूर्व CBI का बड़ा दावा, पाकिस्तान से आते थे अमन गेस्ट हाउस में फोन; हिजबुल मुजाहिदीन के सदस्यों के ठहरने की भी कही बात