Rahul Gandhi on Protest: ‘शिव का तांडव चल रहा है’, राहुल गांधी बोले- विरोध की कोई योजना नहीं, आंदोलन जारी रहेगा
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के विरोध प्रदर्शन को ‘शिव का तांडव’ बताया। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सड़क तक सीमित नहीं, बल्कि देश के लोगों के दिल और दिमाग तक पहुंचने की है।
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को विपक्ष के विरोध प्रदर्शन की रणनीति को लेकर बड़ा बयान दिया। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ चल रहे विरोध पर उन्होंने कहा कि यह शिव का तांडव है, जिसमें पहले से कोई योजना बनाकर नहीं चला जाता। उनके मुताबिक, जो भी संविधान की रक्षा के लिए साथ आना चाहता है, वह इस आंदोलन का हिस्सा बन सकता है।
राहुल गांधी ने कहा कि उनका मकसद सिर्फ सड़कों पर प्रदर्शन करना नहीं है। वह देश के लोगों तक यह संदेश पहुंचाना चाहते हैं कि जिस तरह का भारत बनाया जा रहा है, वह उनके लिए खतरनाक हो सकता है।
बहन प्रियंका से रणनीति पर हुई बातचीत का किया जिक्र
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका गांधी के साथ हुई बातचीत का हवाला देते हुए बताया कि उन्होंने प्रदर्शन की योजना बनाने को लेकर उनसे क्या कहा था। राहुल के मुताबिक, प्रियंका ने योजना बनाकर आगे बढ़ने की बात कही थी, लेकिन उन्होंने इसे तांडव से जोड़कर समझाया। राहुल गांधी ने कहा, “यह तांडव है, भगवान शिव का नृत्य है। इसमें कोई योजना नहीं होती।” उन्होंने कहा कि आज विपक्ष सुप्रीम कोर्ट जा रहा है, तो कल विरोध का तरीका कुछ और हो सकता है। उनके मुताबिक, आंदोलन को किसी तय रणनीति के दायरे में बांधकर नहीं देखा जाना चाहिए।
‘हम सड़क के लिए नहीं, देश के लोगों के दिल और दिमाग के लिए लड़ रहे’
राहुल गांधी ने कहा कि यह संघर्ष केवल किसी स्थान पर प्रदर्शन करने तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष देश के लोगों के दिल और दिमाग तक अपनी बात पहुंचाना चाहता है। उन्होंने कहा कि भारत में विरोध केवल योजना के आधार पर नहीं होता, बल्कि लोग अपने दिल से आवाज उठाते हैं। राहुल के मुताबिक, यह प्रतिरोध जारी है और आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा का उदाहरण देते हुए कहा कि उस यात्रा में कोई राजा नहीं था। सभी लोग एक साथ चले और लोगों ने एक-दूसरे को अपनाया। राहुल ने इसे भी शिव के तांडव और उनकी बारात से जोड़कर पेश किया।
राहुल बोले- अलग-अलग नहीं, एक ही आंदोलन है
विपक्ष के अलग-अलग विरोध प्रदर्शनों को लेकर पूछे गए सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि इन्हें अलग-अलग आंदोलन के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उनके मुताबिक, सभी प्रदर्शन एक ही विरोध का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा के लिए जो भी आगे आएगा, विपक्ष उसके साथ खड़ा होगा। राहुल ने कहा कि ऐसे लोगों को समर्थन और सहयोग दिया जाएगा और उनसे भी इसी तरह के सहयोग की उम्मीद है। राहुल गांधी ने अपने राजनीतिक विरोध को आगे बढ़ाने की बात दोहराते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि उनका आंदोलन रुकने वाला नहीं है।
सरकार से बातचीत पर क्या बोले राहुल गांधी?
यह पूछे जाने पर कि क्या सरकार की ओर से उनसे संपर्क किया गया है, राहुल गांधी ने कहा कि उनसे सीधे बात नहीं की गई, हालांकि उनके आसपास के लोगों तक कई लोगों ने संपर्क किया है। उन्होंने कहा कि सरकार और जनता से संवाद करने के लिए उन्हें फोन पर बातचीत करने की जरूरत नहीं है। राहुल के मुताबिक, वह जो भी कहना चाहते हैं, उसे सार्वजनिक रूप से कहते हैं और उनकी बातों में कुछ भी छिपा हुआ नहीं है।
यह भी पढ़े- जंतर-मंतर पर अब नहीं होगा धरना-प्रदर्शन? दिल्ली में 3 नई जगहें तय