टीएनपी न्यूज़
होम / देश
देश

राहुल गांधी की PM मोदी को खुली चुनौती, बोले- सभी को गिरफ्तार कर लीजिए

Shivashakti Narayan Singh · 10 अक्टूबर 2026
राहुल गांधी की PM मोदी को खुली चुनौती

Rahul Gandhi Challenges PM Modi: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार प्रदर्शनकारियों को रोकना चाहती है, तो सभी नेताओं और युवाओं को गिरफ्तार कर सकती है, लेकिन विपक्ष अपने आंदोलन से पीछे नहीं हटेगा।

राहुल गांधी ने प्रदर्शन कर रहे युवाओं के प्रति समर्थन जताते हुए उनसे आंदोलन जारी रखने की अपील की। वहीं, दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, जंतर-मंतर की ओर मार्च करने की कोशिश के दौरान राजधानी में अब तक करीब 1,000 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।

राहुल गांधी बोले- विपक्ष पीछे हटने वाला नहीं

राहुल गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि वह एक दशक से ज्यादा समय से मोदी और RSS की राजनीति का विरोध कर रहे हैं और उन्हें अच्छी तरह समझते हैं। राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, RSS प्रमुख मोहन भागवत, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का नाम लेते हुए उन पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष का संघर्ष जारी रहेगा और वह पीछे हटने को तैयार नहीं है।

‘सभी नेताओं और युवाओं को गिरफ्तार कर लीजिए’

अपने संदेश में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार चाहे जितनी पुलिस तैनात कर दे, विपक्ष की आवाज को दबाया नहीं जा सकेगा। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे नेताओं और युवाओं की गिरफ्तारी की चुनौती भी दी। राहुल गांधी ने कहा कि अगर सरकार चाहे तो 10 हजार, 20 हजार या 50 हजार पुलिसकर्मियों को बुला सकती है और सभी प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर सकती है। उनके मुताबिक, विपक्ष संविधान की रक्षा और देश के लोगों की आवाज उठाने की लड़ाई जारी रखेगा।
उन्होंने यह भी दावा किया कि विपक्ष के पास जरूरी जानकारी मौजूद है। हालांकि, अपने पोस्ट में उन्होंने इस जानकारी का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया।

युवाओं से प्रदर्शन जारी रखने की अपील

राहुल गांधी ने प्रदर्शन में शामिल युवाओं की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें उन पर गर्व है और विपक्ष उनके साथ खड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार और संविधान पर हमला करने वालों के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी। राहुल गांधी ने अपने संदेश में बीते 10 से 15 वर्षों के दौरान देश में हुए घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष यह सुनिश्चित करना चाहता है कि ऐसी स्थिति दोबारा न बने। उनके बयान के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।

दिल्ली में करीब 1,000 प्रदर्शनकारी हिरासत में

दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार, शनिवार को राजधानी में प्रदर्शन के दौरान करीब 1,000 लोगों को हिरासत में लिया गया। ये लोग कॉकroach जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में आयोजित विरोध-प्रदर्शन के तहत जंतर-मंतर की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों की मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच राहुल गांधी ने आंदोलन को समर्थन देते हुए सरकार पर निशाना साधा है। फिलहाल प्रदर्शन, हिरासत और विपक्ष के बयानों को लेकर दिल्ली में राजनीतिक हलचल बनी हुई है।