राहुल गांधी के फोन टैपिंग आरोप पर सियासी संग्राम तेज, अखिलेश बोले- AI के दौर में आगे क्या होगा, BJP ने कहा- अपना दिमाग चेक कराएं
नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोप ने देश की राजनीति में नया तूफान खड़ा कर दिया है। बता दें कि कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर विपक्षी नेताओं की जासूसी कराने का आरोप लगाते हुए जवाब मांगा है, तो बीजेपी ने इन दावों को बेबुनियाद बताते हुए राहुल गांधी पर पलटवार किया है। इस मुद्दे पर कांग्रेस से लेकर सपा और शिवसेना (यूबीटी) तक के नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। वहीं, बीजेपी नेताओं ने आरोपों के समर्थन में सबूत पेश करने की चुनौती दी है।
दरअसल, राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि उनका फोन टैप किया जा रहा है। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी का समर्थन करते हुए पेगासस जासूसी विवाद का भी जिक्र किया और सरकार से पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
प्रियंक खड़गे बोले- राहुल बिना दस्तावेज के आरोप नहीं लगाते
कर्नाटक सरकार में मंत्री प्रियंक खड़गे ने राहुल गांधी के आरोपों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कभी बिना दस्तावेजों के कोई आरोप नहीं लगाते। उन्होंने पेगासस विवाद का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि जब जासूसी सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल प्रधानमंत्री के मंत्रिमंडल के सहयोगियों के खिलाफ किए जाने की खबरें सामने आई थीं, तो विपक्षी नेताओं को निशाना बनाए जाने की आशंका से इनकार कैसे किया जा सकता है?
कांग्रेस नेता अजय राय ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को लगातार निशाना बनाया जा रहा है और विपक्षी नेताओं के फोन लंबे समय से टैप किए जा रहे हैं। उनके मुताबिक, राहुल गांधी की आम लोगों के बीच बढ़ती लोकप्रियता से बीजेपी घबराई हुई है।
अखिलेश यादव ने AI का जिक्र कर सरकार पर कसा तंज
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आज तकनीक इतनी आगे बढ़ चुकी है कि कोई भी किसी का फोन टैप कर सकता है। अखिलेश ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का जिक्र करते हुए कहा कि यह तो अभी शुरुआत है, आने वाले समय में पता नहीं क्या-क्या देखने को मिलेगा।
वहीं, माकपा महासचिव एमए बेबी ने राहुल गांधी के आरोपों को गंभीर बताते हुए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर सरकार संविधान और लोकतंत्र में विश्वास रखती है तो उसे सामने आकर सच्चाई बतानी चाहिए।
शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने भी इस मुद्दे पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि दुनिया में निक्सन से लेकर नेतन्याहू तक, जिन नेताओं ने फोन टैपिंग का सहारा लिया, उन्हें अंत में चुनावी हार का सामना करना पड़ा।
रेणुका चौधरी बोलीं- राहुल पर लगातार रखी जा रही नजर
कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लंबे समय से निगरानी में हैं। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी पर 40 से ज्यादा मुकदमे दर्ज किए गए और उन्हें गिरफ्तार तक किया गया। ऐसे में उनके फोन टैप किए जाने की आशंका को खारिज नहीं किया जा सकता।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि राहुल गांधी जब कोई बात कहते हैं तो उसके पीछे उनकी सोच और जानकारी होती है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष के फोन को निशाना बनाए जाने की आशंका पर चिंता जताई।
बीजेपी का पलटवार- राहुल गांधी का फोन टैप करने में किसी की दिलचस्पी नहीं
दूसरी तरफ, बीजेपी नेताओं ने राहुल गांधी के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। केरलम बीजेपी अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को अपना दिमाग चेक कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी को भी राहुल गांधी का फोन टैप करने में कोई दिलचस्पी नहीं है।
केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि किसी आरोप को गंभीर तभी माना जा सकता है, जब उसके समर्थन में सबूत हों। राहुल गांधी पहले भी कई आरोप लगा चुके हैं, लेकिन उनमें कोई दम नहीं निकला। उन्होंने कहा कि बिना प्रमाण किसी पर आरोप लगाना उचित नहीं है।
बीजेपी नेता अजय आलोक ने भी पेगासस विवाद का जिक्र करते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा। वहीं, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को किसी और के हैक करने की जरूरत नहीं है, उन्हें तो एक विदेशी ने पहले ही हैक कर लिया है।
हेमांग जोशी ने पूछा- फोन टैप होने से इतना डर क्यों?
भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद हेमांग जोशी ने राहुल गांधी के बहस की चुनौती देने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोप उनकी हताशा को दिखाते हैं। उन्होंने सवाल किया कि अगर कोई गलत काम नहीं किया है तो फोन टैप होने से डर कैसा? हालांकि, उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में भी कोई प्रमाण पेश नहीं किया।
फिलहाल, फोन टैपिंग के आरोपों ने सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव बढ़ा दिया है। कांग्रेस सरकार से जवाब मांग रही है, जबकि बीजेपी आरोपों को सबूतों के बिना निराधार बता रही है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि सरकार इस पूरे विवाद पर क्या जवाब देती है।
और पढ़ें: आगरा से अखिलेश यादव करेंगे 2027 का चुनावी शंखनाद, दलित महासम्मेलन के जरिए BJP-BSP के वोट बैंक में सेंध लगाने की तैयारी