टीएनपी न्यूज़
होम / देश
देश

परिसीमन बिल पर राहुल गांधी का केंद्र पर हमला, बोले- 40 साल तक सामाजिक न्याय को भूल जाइए

Pradeep Singh · 28 नवम्बर 2026
राहुल गांधी

नई दिल्ली: प्रस्तावित परिसीमन बिल को लेकर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। शनिवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जातिगत जनगणना को नजरअंदाज कर रही है और 2027 की जनगणना को परिसीमन प्रक्रिया से बाहर रख रही है।

राहुल गांधी ने कहा कि सरकार 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन करना चाहती है। इससे अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित सीटों की संख्या अगले 40 साल तक नहीं बढ़ेगी, जबकि उनकी आबादी में वृद्धि हो सकती है।

'40 साल तक सामाजिक न्याय को भूल जाइए'

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित व्यवस्था से SC, ST और OBC समुदायों के अधिकार प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा, “जातिगत जनगणना को किनारे कर दिया गया है और 2027 की जनगणना को अप्रासंगिक बना दिया गया है। इसका मतलब है कि 2051 तक सब कुछ फ्रीज रहेगा। यानी 40 साल तक सामाजिक न्याय को भूल जाइए।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि परिसीमन की प्रक्रिया निष्पक्ष हो और इसमें सभी राजनीतिक दलों की भागीदारी हो। इसके लिए उन्होंने सर्वदलीय परिसीमन आयोग बनाने की मांग की।

850 सीटों के बजाय 543 सीटों पर महिला आरक्षण की मांग

राहुल गांधी ने लोकसभा की सीटों की संख्या 850 किए जाने के प्रस्ताव पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मौजूदा 543 सीटों के भीतर ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के पक्ष में है। साथ ही OBC महिलाओं के लिए अलग सब-कोटा होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सरकार 2011 की जनगणना के आधार पर सीटों का बंटवारा करना चाहती है, जबकि कांग्रेस की मांग है कि इसके लिए नवीनतम जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल किया जाए।

राष्ट्रपति ने परिसीमन बिल पर दी सिफारिश

इस बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को संविधान के अनुच्छेद 117(3) के तहत लोकसभा को परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 पर विचार करने की सिफारिश की। संसद के आगामी सत्र से पहले यह एक अहम संवैधानिक प्रक्रिया है।

एक दिन पहले केंद्रीय कैबिनेट ने तीन विधेयकों के नए पैकेज को मंजूरी दी थी। इसमें संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 और केंद्र शासित प्रदेश कानून संशोधन विधेयक शामिल हैं। सरकार अप्रैल में पेश किए गए पुराने विधेयकों को वापस लेकर सोमवार को नए विधेयक पेश करने की तैयारी में है।

क्या है नए प्रस्ताव में?

प्रस्तावित विधेयकों के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। इसके अनुसार लोकसभा की अधिकतम सीटें 550 से बढ़ाकर 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सीटें 500 से बढ़ाकर 650 करने की बात कही गई है।

प्रस्ताव में 2011 की जनगणना के प्रकाशित आंकड़ों के आधार पर राज्यों के भीतर निर्वाचन क्षेत्रों का नए सिरे से निर्धारण करने की बात है। वहीं, राज्यों के बीच सीटों का अनुपात 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव है।

सरकार का कहना है कि इस परिसीमन प्रक्रिया का उद्देश्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता तैयार करना है। लोकसभा का चार दिवसीय सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलेगा, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से फिर शुरू होगी।

यह भी पढ़ें: परिसीमन बिल पर राहुल गांधी का मोदी-शाह पर हमला, बोले- देश को तानाशाही की ओर नहीं जाने देंगे

यह भी पढ़ें: परिसीमन बिल पर खरगे ने केंद्र सरकार को घेरा, SC-ST आरक्षण और जनगणना पर उठाए सवाल