पुष्कर मेले में 1 करोड़ का भैंसा बना आकर्षण, 20 महीने की उम्र में 760 किलो वजन; बेचने के बजाय मालिक क्यों कमा रहे लाखों?
Pushkar Mela 2026: राजस्थान के पुष्कर मेले में इन दिनों एक ऐसा भैंसा चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसकी कीमत सुनकर लोग हैरान हैं। मध्य प्रदेश से लाया गया मुर्रा नस्ल का यह भैंसा महज 20 महीने का है, लेकिन इसका वजन करीब 760 किलो पहुंच चुका है। इसके मालिक ने इसकी कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई है। भैंसे का नाम 'काला बादल' है और मेले में इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है।
आमतौर पर पुष्कर मेले में महंगे घोड़ों की चर्चा ज्यादा होती है, लेकिन इस बार काला बादल जैसे भैंसे भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि इतनी बड़ी कीमत मिलने के बावजूद इनके मालिक इन्हें बेचने में दिलचस्पी नहीं दिखाते। इसकी वजह है इनसे जुड़ा एक ऐसा कारोबार, जो लंबे समय तक कमाई का जरिया बन सकता है।
क्या है काला बादल की खासियत?
काला बादल को लेकर उसके मालिक शैलेंद्र चौधरी का कहना है कि इसकी उम्र अभी सिर्फ 20 महीने है और वजन करीब 760 किलो है। उन्होंने इसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई है। मुर्रा नस्ल के भैंसों को बेहतर दूध उत्पादन के लिए जाना जाता है। यही वजह है कि इस नस्ल के अच्छे नर पशुओं की मांग पशुपालकों के बीच बनी रहती है।
11 करोड़ रुपये कीमत वाला अनमोल भी आया था पुष्कर
पुष्कर मेले में करोड़ों की कीमत वाले भैंसे पहुंचने का यह पहला मामला नहीं है। साल 2023 में हरियाणा के सिरसा से 'अनमोल' नाम का मुर्रा भैंसा मेले में लाया गया था। उसके मालिक ने उसकी कीमत करीब 11 करोड़ रुपये बताई थी। अनमोल का वजन लगभग 1,570 किलो बताया गया था। उस समय भी कई लोगों ने उसे खरीदने में दिलचस्पी दिखाई थी, लेकिन मालिक उसे बेचने के पक्ष में नहीं थे। उनके मुताबिक, अनमोल से करीब 150 बच्चे पैदा हो चुके थे। ऐसे में उसे बेचने के बजाय उसकी प्रजनन क्षमता के जरिए अच्छी नस्ल के पशु तैयार करना ज्यादा फायदेमंद था।
भैंसे के वीर्य की क्यों होती है इतनी मांग?
मुर्रा नस्ल की भैंसें अच्छी दूध उत्पादक मानी जाती हैं। ऐसे में पशुपालक चाहते हैं कि उनकी भैंसों से पैदा होने वाले बच्चे भी बेहतर नस्ल के हों और आगे चलकर अच्छा दूध उत्पादन कर सकें। इसके लिए अच्छी नस्ल के भैंसों के वीर्य का इस्तेमाल किया जाता है। इस प्रक्रिया को आर्टिफिशियल इनसेमिनेशन यानी कृत्रिम गर्भाधान कहा जाता है। इसमें भैंसे के वीर्य की जांच की जाती है और फिर उसे विशेष स्ट्रॉ में भरकर बेहद कम तापमान पर सुरक्षित रखा जाता है। जरूरत के मुताबिक इन स्ट्रॉ का इस्तेमाल अलग-अलग जगहों पर भैंसों के गर्भाधान के लिए किया जा सकता है।
इस तकनीक का फायदा यह है कि अच्छे नस्ल के भैंसे को हर जगह ले जाने की जरूरत नहीं पड़ती। उसके वीर्य के जरिए दूर-दराज के इलाकों में भी नस्ल सुधार का काम किया जा सकता है।
एक डोज 250 से 400 रुपये तक, ऐसे होती है कमाई
भैंसे के वीर्य की बिक्री से होने वाली कमाई का अंदाजा पिछले कुछ उदाहरणों से लगाया जा सकता है। साल 2023 में अनमोल के मालिक ने बताया था कि उसके वीर्य की एक डोज करीब 250 रुपये में बेची जाती थी और इससे महीने में लाखों रुपये की बिक्री होती थी। वहीं, साल 2025 में एक दूसरे भैंसे के मालिक ने एक ट्यूब की कीमत 400 रुपये बताई थी। उनके मुताबिक, इससे हर महीने करीब 70 से 80 हजार रुपये की कमाई होती थी।
यह भी पढ़ें: अयोध्या राम मंदिर परिसर में निर्माण कार्य पूरा, L&T ने सौंपी जिम्मेदारी; दिसंबर तक पूरा होगा बाकी काम