लग्जरी की सारी हदें पार! Pagani ने पेश की हीरे-प्लैटिनम से सजी अनोखी सुपरकार
इटली की मशहूर लग्जरी कार निर्माता कंपनी पगानी ने अपनी नई सुपरकार Huayra 70 Anima को पेश किया है। यह कोई आम सुपरकार नहीं, बल्कि कंपनी के संस्थापक होरासियो पगानी के 70वें जन्मदिन को खास बनाने के लिए तैयार की गई एक बेहद खास कार है। Huayra 70 सीरीज की यह तीसरी और आखिरी स्पेशल एडिशन कार है। इसे एक खास कॉनकोर्स इवेंट में दुनिया के सामने लाया गया।
इस कार की सबसे बड़ी खासियत इसका शानदार डिजाइन और इसे तैयार करने में इस्तेमाल की गई महंगी चीजें हैं। इसके पेंट में असली हीरों की धूल मिलाई गई है, जबकि बॉडी पर प्लैटिनम की पतली परतों से सजावट की गई है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 27 से 30 करोड़ रुपये या इससे भी ज्यादा बताई जा रही है।
हीरों की धूल से चमकती है कार की बॉडी
Pagani Huayra 70 Anima का लुक पहली नजर में ही लोगों का ध्यान खींच लेता है। कार में एक्सपोज्ड कार्बन फाइबर के साथ मैटेलिक लाइट ब्लू और गहरे नीले रंग का इस्तेमाल किया गया है। इसके खास पेंट में असली हीरों की बारीक धूल मिलाई गई है। ऐसे में जब कार पर सूरज की रोशनी पड़ती है, तो इसकी बॉडी अलग ही चमक बिखेरती है। इतना ही नहीं, कार के बाहरी हिस्से पर हाथों से प्लैटिनम की पतली पट्टियां भी लगाई गई हैं। इसके अलॉय व्हील्स और साइड मिरर्स को भी खास डायमंड-कट फिनिश दी गई है, जो इसके लुक को और आकर्षक बनाती है।
दमदार V12 इंजन से मिलती है जबरदस्त ताकत
इस सुपरकार में Mercedes-AMG का तैयार किया हुआ 6.0-लीटर ट्विन-टर्बो V12 इंजन मिलता है। यह इंजन 864 हॉर्सपावर की ताकत और 1,100 Nm का टॉर्क पैदा करता है। इसकी टॉप स्पीड करीब 350 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है। खास बात यह है कि इसमें 7-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स दिया गया है। आज के दौर में जहां ज्यादातर सुपरकार ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ आती हैं, वहीं मैनुअल गियरबॉक्स इसे कार के शौकीनों के लिए और खास बनाता है।
अंदर से भी किसी लग्जरी होटल से कम नहीं
कार का केबिन भी इसकी बाहरी खूबसूरती की तरह बेहद शानदार है। इसके इंटीरियर में बेज और मिल्की व्हाइट रंग के लेदर के साथ मशहूर Loro Piana फैब्रिक का इस्तेमाल किया गया है। स्टीयरिंग व्हील और गियर नॉब को भी डायमंड डस्ट फिनिश दी गई है। इसके अलावा केबिन में अर्जेंटीना और लास वेगास के झंडों से प्रेरित खास ग्राफिक्स देखने को मिलते हैं। ये सभी डिजाइन एलिमेंट कार को एक अलग पहचान देते हैं और इसे बेहद पर्सनल टच प्रदान करते हैं।
छह एग्जॉस्ट पाइप और खास ब्रेकिंग सिस्टम
Pagani Huayra 70 Anima के पिछले हिस्से में छह पाइप वाला खास एग्जॉस्ट सिस्टम दिया गया है। इसे सफेद सिरेमिक कोटिंग से तैयार किया गया है, जो कार के रियर लुक को काफी अलग बनाता है। वहीं, बेहतर ब्रेकिंग के लिए इसमें Brembo के कार्बन-सिरेमिक ब्रेक दिए गए हैं। यह कार पूरी तरह कस्टमाइज्ड वन-ऑफ मॉडल है। इसका मतलब है कि कंपनी ने इस डिजाइन में सिर्फ एक ही कार तैयार की है।
ये भी पढ़ें- Dhanteras पर खरीद रहे हैं नई गाड़ी? नोट कर लें शुभ मुहूर्त और शहर के अनुसार राहुकाल
दुनिया में सिर्फ एक ही यूनिट
Pagani Huayra 70 Anima सिर्फ रफ्तार और ताकत के लिए ही खास नहीं है, बल्कि इसकी असली पहचान इसकी अनोखी कारीगरी है। हीरों की धूल वाला पेंट, प्लैटिनम की सजावट, दमदार V12 इंजन और मैनुअल गियरबॉक्स इसे दूसरी सुपरकारों से अलग बनाते हैं।