Purav Jha की 'Chaar Yaar' की रिलीज डेट का ऐलान, 23 अक्टूबर से Prime Video पर आएगी सीरीज
डिजिटल कंटेंट से पहचान बनाने वाले पुरव झा अब अपनी नई सीरीज 'चार यार' के साथ दर्शकों के बीच आने वाले हैं। इस सीरीज को 23 अक्टूबर 2026 से Amazon Prime Video पर स्ट्रीम किया जाएगा।
आठ एपिसोड वाली इस सीरीज में पुरव झा के साथ नमन जैन, साकिब अयूब और प्रयार्क मेहता भी नजर आएंगे। इसकी कहानी मुंबई के मिडिल क्लास परिवारों, दोस्तों की जिंदगी और अपराध की दुनिया के इर्द-गिर्द घूमती है।
2000 के दशक की मुंबई में बुनी गई कहानी
'चार यार' की कहानी 2000 के शुरुआती सालों की मुंबई में दिखाई गई है। इसमें चार दोस्तों की जिंदगी को दिखाया गया है, जो परिवार की जिम्मेदारियों के बीच अपने सपनों को पूरा करने की कोशिश करते हैं। बेहतर भविष्य की उम्मीद में आगे बढ़ रहे इन दोस्तों की जिंदगी में एक ऐसा मोड़ आता है, जो सब कुछ बदल देता है।
पुरव झा के साथ ये कलाकार भी आएंगे नजर
सीरीज में पुरव झा, नमन जैन, साकिब अयूब और प्रयार्क मेहता मुख्य कलाकारों में शामिल हैं। इनके अलावा साई ताम्हणकर, सिकंदर खेर, दिब्येंदु भट्टाचार्य, राजेश तैलंग, चंकी पांडे और भगवती पेरुमल भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
सीरीज का निर्देशन विनय वाइकुल ने किया है। इसकी कहानी संबित मिश्रा और सौरभ सावंत ने लिखी है। वहीं, इसे विनय वाइकुल, एस. हुसैन जैदी, संबित मिश्रा और सौरभ सावंत ने मिलकर तैयार किया है।
Pink Window Production के बैनर तले बनी सीरीज
'चार यार' का निर्माण प्रणति नगरशेठ, नीरज नगरशेठ और पी.एस. श्याम ने किया है। इसे Pink Window Production Pvt. Ltd. के बैनर तले बनाया गया है, जबकि BBC Studios India ने इसके विकास में भूमिका निभाई है।पुरव झा अपने डिजिटल कंटेंट के जरिए पहले ही बड़ी पहचान बना चुके हैं। ऐसे में उनकी इस नई सीरीज को लेकर उनके फैंस के बीच उत्सुकता है। अब देखना होगा कि दोस्ती, परिवार की जिम्मेदारियों और अपराध की दुनिया को मिलाकर बनाई गई यह कहानी दर्शकों को कितनी पसंद आती है।